यह बजट देश के नागरिकों के जीवन में लाएगा सकारात्मक बदलाव- शिवराज सिंह चौहान

भोपाल : कोरोना महामारी के संकट के बीच आज आए देश के आम बजट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

चौहान ने अपने ट्वीट के जरिए आम बजट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस बजट में वरिष्ठ नागरिकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

75 वर्ष आयु से अधिक के ऐसे नागरिक, जिन्‍हें पेंशन और ब्‍याज सहित आय प्राप्‍त होती है, उन्‍हें आयकर दाखिल करने से राहत प्रदान की गयी है।

उन्होंने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में सड़कों का नया जाल बिछाया जा रहा है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के लिए रुपए 1.18 लाख करोड़ आवंटित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक राज्यों में हजारों किमी के राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य जारी हैं। पिछले वर्ष सारे विश्व ने कोविड 19 के रूप में एक नई चुनौती का सामना किया।

मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ इस चुनौती का डटकर मुक़ाबला किया गया, बल्कि दुनिया के अनेक देशों को मदद भी पहुँचाई गयी। भारत के कपड़ा उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आने वाले 3 सालों में 7 नए टैक्सटाईल पार्क स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय स्वागत योग्य है। चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने में यह बजट कारगर साबित होगा। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के लिए वर्ष 2021-22 में 2,23,846 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे।

मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में भारत में विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान प्रारम्भ किया गया। हम उनके मार्गदर्शन में कोविड 19 को समाप्त करने जा रहे हैं। वर्ष 2021-22 में वैक्सीनेशन के लिए 35,000 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

चौहान ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत 15,000 से अधिक स्कूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सभी पक्षों को शामिल करेंगे।

साथ ही देश में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित किए जाएंगे। इन्फ्रास्ट्रक्चर, चिकित्सा, शिक्षा सहित समस्त क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किए गए आत्मनिर्भर भारत का बजट के लिए वे (चौहान) प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का हृदय से धन्यवाद देते हैं।

उन्होंने कहा कि यह बजट नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए समाज के निचले तबके का विकास आवश्यक है। वन नेशन वन राशन के अंतर्गत अब तक 69 करोड़ से अधिक नागरिकों को लाभान्वित किया जा चुका है। असंगठित कामगारों के हित के लिए सरकार द्वारा विशेष पोर्टल लॉन्च किया जा रहा है।

किसानों की आय वर्ष 2024 तक दोगुना करना प्रधानमंत्री मोदी का प्रमुख लक्ष्य है। कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा लाने के लिए 1,000 मंडियों को ई नाम से जोड़ा जा रहा है। स्वामित्व योजना के अंतर्गत सभी राज्यों को कवर किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button