संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व बढ़ाये जाने की जरूरत है- मिश्र

जयपुर,  राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा है कि वैश्विक स्तर पर तेजी से हो रहे बदलावों और राष्ट्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शांति की जरूरतों के परिप्रेक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व बढ़ाये जाने की जरूरत है।
मिश्र मंगलवार को सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘संयुक्त राष्ट्र एवं अन्तरराष्ट्रीय शांति’ विषय पर

आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की स्थापना के उद्देश्यों और इस दौर में इसकी प्रासंगिकता पर सभी स्तरों पर व्यापक विमर्श की जरूरत है। बीते 75 वर्षों में संयुक्त राष्ट्र की कई उपलब्धियां रही हैं परन्तु कोविड-19 महामारी जैसे बहुत से अवसर ऐसे भी आए हैं जब संयुक्त राष्ट्र के समक्ष गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता हुई। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र को समान रूप से राष्ट्रों के विकास के लिये साझा हितों के लिए कार्य करने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें-देशभक्ति फिल्म मेरा भारत महान में रवि किशन के साथ ये एक्टर आएंगे नजर

मिश्र ने कहा कि इस समय में भले ही विश्वयुद्ध नहीं हुआ है, परन्तु कुछ देशों ने अपने पड़ोसी देशों के विरूद्ध छद्म युद्ध छेड़ रखा है। कुछ देश खुले आम आतंकवाद को प्रश्रय दे रहे हैं। इस सबसे मानवीयता पर निरन्तर बड़ा संकट मंडरा रहा है। उन्होंने इस समग्र परिदृश्य में संयुक्त राष्ट्र को आगे आकर प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वीटो पावर सिस्टम के कारण विश्व में महामारी, आतंकवाद, हिंसा एवं गृह युद्धों को रोकने में संयुक्त राष्ट्र बहुत अधिक कारगर भूमिका नहीं निभा सका है। संयुक्त राष्ट्र को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रों की जरूरतों और सुरक्षा, शांति की नवीन चुनौतियों पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button