समस्तीपुर में कचरे से मिलीं VVPAT पर्चियां, प्रशासन में हड़कंप

समस्तीपुर में सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के पास कचरे में मिलीं हजारों वीवीपैट पर्चियां, प्रशासन ने मौके से जब्त कर जांच शुरू की, एआरओ निलंबित और एफआईआर के आदेश, चुनाव आयोग बोला, ये मॉक पोल की पर्चियां, मतदान प्रक्रिया पर असर नहीं।

समस्तीपुर: सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में कचरे में बड़ी संख्या में वीवीपैट पर्चियां मिलने से हड़कंप मच गया। प्रशासन ने मौके से सभी पर्चियों को जब्त कर लिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से समस्तीपुर के डीएम को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने कहा कि ये मॉक पोल की वीवीपैट पर्चियां हैं, इसलिए मतदान प्रक्रिया की शुचिता पर कोई असर नहीं पड़ा है। वहीं, लापरवाही बरतने वाले एआरओ को निलंबित किया जा रहा है और एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

 

डीएम ने मौके पर की जांच

समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के डिस्पैच सेंटर के पास कुछ पर्चियां मिलीं। सूचना मिलते ही वे अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम ने बताया कि प्रत्याशियों की मौजूदगी में पर्चियों को कब्जे में लिया गया है। इस मामले में दो अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच और निलंबन की अनुशंसा की गई है। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

 

अफवाह न फैलाने की अपील

डीएम ने कहा कि जांच में साफ हो जाएगा कि ये पर्चियां किस समय की हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाह न फैलाएं। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला तकनीकी है और जांच के बाद सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।

 

कमीशनिंग सेंटर के पास मिलीं पर्चियां

जानकारी के मुताबिक, सरायरंजन क्षेत्र के शीतलपट्टी गांव के पास हजारों वीवीपैट पर्चियां कचरे में मिलीं। डीएम के अनुसार यह सामग्री कमीशनिंग सेंटर के पास पाई गई थी, जहां श्रेडेड पर्चियों के साथ कुछ अनश्रेडेड पर्चियां भी मिलीं। जांच के दौरान पाया गया कि कमीशनिंग में 5% मशीनों पर 1000-1000 वोट का मॉक पोल किया जाता है, इसलिए ये पर्चियां उसी से जुड़ी हो सकती हैं।

 

आरजेडी ने उठाए सवाल

इस मामले पर आरजेडी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। पार्टी ने ट्वीट कर पूछा कि ये पर्चियां कब, कैसे और किसके इशारे पर फेंकी गईं? आरजेडी सांसद मनोज झा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर EVM स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button