यूपी से भाजपा सरकार हटाने के लिए सपा से गठबंधन करेंगे: शिवपाल यादव

इटावा : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि 2022 के उप्र विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके चुनाव लड़ेगी।
इटावा में शुक्रवार को जिला कोआपरेटिव बैंक बोर्ड की बैठक के बाद शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बाचतीत में दोहराया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के हिसाब से समझौता करेंगे। उनका कहना है कि उनकी पार्टी का विलय किसी भी सूरत मे किसी भी पार्टी के साथ नहीं होगा और न ही किसी दूसरे के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे। उनकी अपनी पार्टी रहेगी और सीटों का बंटवारा होगा। उसी के आधार पर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा के अलावा अन्य पार्टियों से भी बात चल रही है।
गौरतलब है कि दीपावली पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव में इटावा की जसवंतनगर विधानसभा से अपना उम्मीदवार न उतारने का ऐलान किया था। उन्होंने चाचा शिवपाल के लिए सीट छोड़ने का ऐलान कर एक नई राजनीति का संकेत दिया था। उसके 7 दिन बाद आज शिवपाल ने 2022 में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके चुनाव लड़ने का ऐलान कर अपने समर्थकों में जोश भर दिया है।

Related Articles

Back to top button