महाराष्ट्र में ऐसे हुआ बीजेपी-शिवसेना के बीच सीटों का बंटवारा, नवी मुंबई में असंतोष

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन में शिवसेना और बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सीट शेयरिंग में नवी मुंबई की सीट बीजेपी को मिली है। इससे शिवसेना के नवी मुंबई कैडर में असंतोष पैदा हो गया है। शहर प्रमुख और जिला उपाध्यक्ष सहित 200 से अधिक नवी मुंबई शिवसेना कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दे दिए हैं।

नवी मुंबई में शिवसेना के कार्यकर्ता पार्टी से बेहद नाराज़ हैं। कार्यकर्ता एनरोली और बेलापुर सीटें बीजेपी को दिए जाने और खासकर एनसीपी से बीजेपी में गए गणेश नाइक को दिए जाने से नाराज़ हैं। दरअसल नवी मुंबई क्षेत्र में गणेश नाइक और शिवसेना के बीच एक चुनावी लड़ाई देखी गई है। गणेश नाइक 15 सालों तक महत्वपूर्ण विभागों में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। वे 11 सितंबर को बीजेपी में शामिल हुए थे। उनके बेटे और ऐरोली के विधायक संदीप भी पिछले महीने ही बीजेपी में शामिल हुए थे। नाइक परिवार ने वर्षों से नवी मुंबई शहर पर शासन किया है। वहीँ नकद संपन्न नवी मुंबई नगर निगम में भी नाइक परिवार समर्थकों का शासन है।

ऐसा रहा बंटवारा

गौरतलब है कि भाजपा और शिवसेना ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के लिए सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। साथ ही दोनों पार्टियों ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसमें उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से लड़ेंगे। आदित्य अपने परिवार से चुनाव लड़ने वाले पहले ठाकरे बनेंगे। हालाँकि नवी मुंबई सीट बीजेपी के खाते में गई है। जिसकी वजह से शिवसेना कार्यकर्ताओं में रोष है।

Related Articles

Back to top button