RJD की रैली के हेलीपैड पर उतरने लगा डिप्टी सीएम का हेलीकॉप्टर, मचा बवाल

कहलगांव में चुनावी रैली के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर RJD की सभा में उतरने लगा। हेलीपैड पर मौजूद भीड़ और झंडे देखकर पायलट ने तुरंत दिशा बदल ली।

भागलपुर/कहलगांव: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार शाम 5 बजे थम गया, लेकिन उससे ठीक पहले कहलगांव से एक हैरान करने वाली घटना ने पूरे प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी। दरअसल, उप-मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर गलती से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की जनसभा के लिए बने हेलीपैड पर उतरने लगा। जैसे ही नीचे मौजूद कार्यकर्ताओं ने देखा, वहां हड़कंप मच गया।

 

RJD के झंडे देख पायलट ने बदला रास्ता

कहलगांव में RJD प्रत्याशी रजनीश यादव के समर्थन में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की सभा होने वाली थी। भीड़ पहले से ही मैदान में मौजूद थी। इसी दौरान जैसे ही सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर नीचे आया, राजद समर्थक भड़क उठे, और हवा में पार्टी के झंडे लहराने लगे। बढ़ते विरोध और नारेबाज़ी को देखते हुए पायलट ने फौरन सूझबूझ दिखाई  हेलीकॉप्टर को उतारे बिना वापस हवा में उठा लिया।

 

पायलट की चूक या सियासी चाल?

जानकारी के मुताबिक, बगल के ही गांव में जेडीयू प्रत्याशी शोभानंद मुकेश की सभा थी, जहां सम्राट चौधरी को उतरना था। लेकिन नीचे जमा भीड़ और एक जैसे सेटअप के चलते पायलट भ्रमित हो गया और उसने RJD की सभा को ही JDU की मान लिया। दिलचस्प बात ये रही कि सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के पीछे खेसारी लाल यादव का हेलीकॉप्टर भी आ रहा था, जिसे उसी हेलीपैड पर उतरना था।

 

RJD प्रत्याशी ने लगाया साजिश का आरोप

घटना के तुरंत बाद RJD प्रत्याशी रजनीश यादव ने सम्राट चौधरी और NDA गठबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “यह भाजपा-जदयू की सोची-समझी साजिश थी ताकि खेसारी लाल यादव की सभा बाधित हो और हमारे प्रचार पर असर पड़े।”

Related Articles

Back to top button