मध्यप्रदेश में परंपरागत तरीके से मनाया गया गणतंत्र दिवस

भोपाल,  गणतंत्र दिवस समारोह आज राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में परंपरागत तरीके से हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न जिला मुख्यालयों पर गरिमामय आयोजनों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ ही शानदार परेड के आयोजन किए गए।

भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड मैदान परिसर में स्थित मोतीलाल नेहरु स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय आयोजन में विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद  शर्मा ने आकर्षक परेड की सलामी ली। पुलिस परेड में 11 टुकड़ियाँ शामिल हुईं। मार्चपास्ट के बाद श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने विंध्य अंचल के रीवा जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित भव्य और गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद शानदार परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।  चौहान ने अपने संबोधन के दौरान ‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ की परिकल्पना को धरातल पर लाने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि इसका रोडमैप तैयार हो गया है और सभी नागरिकों के सहयोग से यह लक्ष्य भी हासिल किया जाएगा।

ये भी पढ़ें-देवरिया में सपा कार्यकर्ता को ट्रैक्टर रैली निकालने से पुलिस ने रोका

चौहान ने कहा कि कोरोना संकटकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य दिया। इसके लिए राज्यों को भी आत्मनिर्भर होने की आवश्यकता है। मध्यप्रदेश सरकार ने आत्मनिर्भरता का रोडमैप तैयार करने के साथ यह भी कार्ययोजना तैयार कर ली है इस लक्ष्य को हासिल कैसे करना है। चौहान ने अपने संबोधन में संपूर्ण राज्य के साथ ही विंध्य अंचल के और विकास संबंधी योजनाओं का भी जिक्र किया।

जिला स्तरीय आयोजनों में गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। नगरीय विकास एवं प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने जबलपुर में, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इंदौर में, राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने होशंगाबाद में, कृषि मंत्री कमल पटेल ने हरदा में और लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव ने सागर में तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा।

न्य जिलों से भी इसी तरह के आयोजन होने के समाचार मिले हैं। राजधानी भोपाल में राजभवन, विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री निवास, राज्य मंत्रालय, प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय और अन्य सरकारी विभागीय मुख्यालयों में भी तिरंगा फहराए गए।

Related Articles

Back to top button