राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने हिमाचल के 28वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली

शिमला,  राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने हिमाचल के 28वें राज्यपाल के रूप में मंगलवार को शपथ ली। उन्होंने राजधानी शिमला स्थित राजभवन में सुबह 10 बजे आयोजित गरिमामय समारोह में शपथ ग्रहण की। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमथ ने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, मुख्य सचिव अनिल खाची, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का जन्म 23 अप्रैल 1954 को गोवा के पणजी में हुआ। उन्होंने बीकॉम की शिक्षा प्राप्त की। वह दो बार गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रहे। वह गोवा औद्योगिक विकास निगम में अध्यक्ष के अतिरिक्त गोवा अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग वित्तीय विकास निगम के अध्यक्ष रहे। परिवार में उनकी पत्नी अनघा अर्लेकर और दो बच्चे हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द द्वारा हाल ही में हिमाचल प्रदेश समेत आठ राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति की गई थी। नवनियुक्त राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर सोमवार शाम शिमला पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनका स्वागत कर अगवानी की। वहीं निवर्तमान राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को औपचारिक रूप से विदायी दी गयी। बंडारू दत्तात्रेय अब हरियाणा के राज्यपाल बनाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button