डबाका उपचुनाव के भाजपा उम्मीदवार के परिजनों के आवासों पर छापा, लाठीचार्ज कई भाजपा कार्यकर्ता घायल

सिद्दीपेट (तेलंगाना)। जिले की डबाका विधानसभा के उपचुनाव बीच आज पुलिस और राजस्व के अधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रघुनंदन राव के परिजनों और रिश्तेदारों के घरों पर छापे मारे। छापे के विराेध में उनके घर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया है। अंजन राव के घर से पुलिस ने 18.67 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार धक्का मुक्की में लगभग पांच लाख रुपये भाजपा कार्यकर्ता ले गए।

डबका विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार रघुनंदन राव के चाचा रंगोपाल राव, राव के ससुर राजगोपाल और एक अन्य रिश्तेदार अंजन राव के घरों पर आज पुलिस अधिकारियों और राजस्व अधिकारियों की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा और उनके घरों की तलाशी ली। छापे की जानकारी जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली, वैसे ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर एकत्र हो गए, जिससे तनाव पैदा हो गया। कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस होने के साथ ही पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई होने लगी। तब पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के कई भाजपा नेता घायल हुए हैं।इस धक्का मुक्की में भाजपा के उम्मीदवार रघुनंदन भी कुछ देर के लिए अस्वस्थ हो गए। इस दौरान मौके पर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय बंडी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंडी को जबरन पुलिस की गाड़ी में चढ़ाते समय साधारण चोट आई है। पुलिस उन्हें पड़ोसी करीमनगर जिला ले गई है। स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है।

भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के इशारों पर पुलिस काम कर रही है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उपचुनाव के दौरान सिद्दीपेट जिले में सत्तापक्ष टीआरएस के कार्यकर्ता गुंडागर्दी कर भाजपा कार्यकर्ताओं को भयभीत करने के प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग से मांग की है कि उपचुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बल की तैनाती होनी चाहिए। केंद्रीय राज्य गृह मंत्री किशन रेड्डी हालातों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद से सिद्धि पेट के लिए रवाना हो गए हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह घायल कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

इस संबंध में सिद्दीपेट पुलिस आयुक्त जोयल डेविस ने बताया कि आज राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त टीम ने रघुनंदन राव के परिजनों और रिश्तेदारों के यहां छापे मारे। इस दौरान राव के चाचा अंजन राव के निवास स्थान से पुलिस ने 18.67 लाख जब्त किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला कर 5.07 लाख रुपये अपने साथ ले गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह धनराशि मतदाता को वितरण करने के लिए लाया गया था।

Related Articles

Back to top button