अंबानी-अडानी, रेप कैपिटल.. राहुल गांधी ने झारखंड में मोदी सरकार पर छोड़े सियासी तीर

झारखण्ड में राहुल गाँधी लगातार रैलियां कर रहे हैं | वहीँ अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हजारीबाग के बड़कागांव में चुनावी रैली की | इस रैली में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास पर जमकर वार किये। राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री आमलोगों के प्रधानमंत्री नहीं बल्कि अमीरों और उद्योगपतियों के प्रधानमंत्री हैं। । राहुल ने कहा कि केंद्र में 10-15 उद्योगपतियों की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडाणी-अंबानी से गले मिलते हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल किया- क्या आपने कभी प्रधानमंत्री को किसी किसान से गले मिलते देखा है? राहुल ने तंज किया, प्रधानमंत्री का चेहरा टीवी पर दिखता है। यह फ्री में नहीं होता। इसके लिए बड़े-बड़े उद्योगपति पैसे देते हैं।

राहुल ने आगे कहा- दिल्ली में मोदी सरकार है। जहां भी चुनाव होता है, मोदी वहां भाषण देकर चले जाते हैं। झारखंड में किसानों की रक्षा की बात कहकर गए। जमीन छीनकर लोगों को गोली मारी गई, उनकी हत्या की गई.. क्या इसी को प्रधानमंत्री रक्षा कहते हैं ? मोदी कहते हैं कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। झारखंड के सीएम भाजपा के रघुवर दास से भ्रष्ट कोई आदमी पूरे हिंदुस्तान में नहीं है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां हमने कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ में किसानों की जमीन की हिफाजत के लिए जमीन अधिग्रहण बिल लाए थे। मोदीजी ने यह बिल रद्द कर दिया। छत्तीसगढ़ में धान की एमएसपी 2500 रु. है, झारखंड में 1300 रु.। राहुल ने वादा किया, कांग्रेस झारखंड में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह जमीन अधिग्रहण बिल लागू करेगी। पंचायत से पूछे बिना आपकी जमीन नहीं छीनी जाएगी। जो आप पर गोलियां चलाते हैं, उन पर कार्रवाई करेंगे। छत्तीसगढ़ की तरह आपको 27% आरक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। क्या आपको रोजगार मिला ? मेक इन इंडिया हो गया। फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं। बेरोजगार युवा एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश जा रहे हैं। भाजपा के लोग जहां जाते हैं, वहां लोगों को डराते हैं। देश में नफरत का माहौल बना दिया है। ऐसे देश नहीं चल सकता। जितनी नफरत होगी, उतनी ज्यादा बेरोजगारी फैलेगी। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में न्याय योजना का ऐलान किया था। गरीब को पैसा देने की योजना थी, पर हम चुनाव नहीं जीते और योजना नहीं ला पाए। हम झूठ नहीं बोलते। कांग्रेस जो भी सरकारी वैकेंसी होगी, उसे भरेगी।

राहुल ने कहा, आज पूरी दुनिया भारत की ओर देखती है, तो कहती है कि यह रेप कैपिटल बन गया है। उत्तर प्रदेश में मोदीजी का एक विधायक है। उसने एक महिला का बलात्कार किया, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं कहा। विधायक ने पीड़ित लड़की का एक्सीडेंट करा दिया, लेकिन मोदी नहीं बोले। हालात यह है कि महिलाएं जब भी बाहर निकलती हैं, उनके मन में डर बना रहता है।

झारखंड में खनिज संपदा, वन संपदा और प्राकृतिक खूबसूरती होने के बाद भी यहां के लोग गरीब हैं। गरीबों की जमीन छीनी जा रही है। उनके गाढ़े पसीने की कमाई प्रधानमंत्री मोदी अडाणी-अंबानी जैसे अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले कर देते हैं। भाजपा सरकार को गरीबों से ज्यादा अपने कॉरपोरेट मित्रों की चिंता है। आरोप लगाया कि पब्लिक सेक्टर की कंपनियों को इन्हीं दो-तीन लोगों के हाथों में दिया जा रहा है। देश की पब्लिक सेक्टर की बड़ी तेल कंपनी का सौदा 50 हजार करोड़ रुपये में किया जा रहा है। यह बातें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कही।

उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनती है तो छत्तीसगढ़ की तर्ज पर राज्य का विकास होगा। उन्होंने कहा कि देश के 15 अमीर लोगों का तीन लाख 50 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया, लेकिन किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ। छोटे दुकानदारों की मदद नहीं हुई। सेल कंपनियों का 60 हजार करोड़ माफ किया गया। फैक्ट्रियां बंद हो गईं। नोटबंदी से लोग परेशान हुए। इतना ही नहीं जीएसटी यानी गब्बर सिंह टैक्स ने देश के छोटे व्यवसाय को खत्म कर दिया। प्याज की कीमत बढ़कर आज 200 रुपये किलो तक पहुंच गई है। अपने संबोधन के दौरान राहुल ने वादों की झड़ी लगाई और भाजपा को जमकर कोसा। छत्तीसगढ़ की तरह राज्य में ओबीसी को 27 फीसद आरक्षण देने को प्राथमिकता बताई। बोले- आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन की रक्षा की जाएगी। किसानों का कर्ज माफ होगा। उन्हें फसल की सही कीमत मिलेगी। धान के क्रय की दर 1300 से बढ़ाकर 2500 की जाएगी। हर घर में एक व्यक्तिको सरकारी नौकरी मिलेगी। सरकारी नौकरियों की रिक्तियां भरी जाएंगी। नौकरी नहीं मिलने पर सरकार भत्ता देगी।

Related Articles

Back to top button