Video: यूपी में दलित युवक की बेरहमी से हत्या, मरने से पहले बोला – “राहुल गाँधी”, कातिलों बोले – “यहां सब बाबा वाले”

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक दलित युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। यह घटना 2 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है, जबकि 3 और 4 अक्टूबर को इससे जुड़े तीन वीडियो वायरल हुए। पहले वीडियो में युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था, जबकि बाद में वायरल वीडियो में युवक को भीड़ द्वारा बेरहमी से पीटते हुए देखा गया।

‘राहुल गांधी’ का नाम लेने पर बढ़ी पिटाई

तीसरे वीडियो में युवक दर्द से कराहते हुए राहुल गांधी का नाम लेता है। तभी भीड़ में से एक व्यक्ति कहता है — “यहां सब बाबा वाले हैं।” इसके बाद युवक को और ज्यादा पीटा जाता है। वीडियो में कुछ लोग युवक की जांघ और प्राइवेट पार्ट पर बेल्ट और डंडे से मारते दिखे। युवक का नाम हरिओम बताया गया है, जो रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ईश्वरदासपुर गांव में मारा गया।

कांग्रेस का आरोप — “योगी सरकार ने अपराधियों को खुली छूट दी”

इस भीषण घटना पर कांग्रेस ने योगी सरकार पर सीधा हमला बोला। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा —

“रायबरेली में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या बेहद दुखद है। वीडियो में युवक जब राहुल गांधी का नाम लेता है, तो भीड़ कहती है — ‘हम बाबा वाले हैं’। यह दर्शाता है कि योगी सरकार में अपराधियों को खुली छूट है और दलितों के खिलाफ अपराधों में यूपी नंबर-1 बना हुआ है।”

वहीं, राहुल गांधी ने मृतक के पिता और भाई से फोन पर बात की और आश्वासन दिया कि कांग्रेस परिवार के साथ “चट्टान की तरह” खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि “दलित समाज पर इस तरह की निर्दयता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी… ‘बाबा वाले लोग’ यह बात ध्यान से सुन लें।”

तीन वीडियो से खुली भीड़ की दरिंदगी

पहला वीडियो 3 अक्टूबर की सुबह सामने आया था, जिसमें रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव खून से लथपथ हालत में दिखा।
दूसरा वीडियो दोपहर में आया, जिसमें कुछ लोग युवक को “ड्रोन चोर” कहकर डंडों से पीट रहे थे।
तीसरा वीडियो, जो 4 अक्टूबर को सामने आया, उसमें युवक की पहचान पूछी जा रही है। दर्द से तड़पते हुए हरिओम “राहुल गांधी” का नाम लेता है, जिस पर भीड़ और हिंसक हो जाती है।

पुलिस कार्रवाई: 5 गिरफ्तार, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, एक का ट्रांसफर

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ और अब तक 5 आरोपियों — वैभव सिंह, विपिन मौर्या, विजय कुमार, सहदेव और सुरेश कुमार — को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी डांडेपुर जमुनापुर, ऊंचाहार (रायबरेली) के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से 2 चमड़े की बेल्ट, 1 शर्ट, 1 यूकेलिप्टस का डंडा और 1 बनियान बरामद की है।

एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने ऊंचाहार कोतवाल संजय कुमार का ट्रांसफर कर दिया है, जबकि एसआई कमल सिंह यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार और आरक्षी अभिषेक कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

पीड़ित की पत्नी का बयान: “मानसिक रूप से कमजोर था मेरा पति”

मृतक हरिओम की पत्नी पिंकी ने बताया कि उनका पति मानसिक रूप से कमजोर था और वह फतेहपुर जिले के तरावती का पुरवा गांव का रहने वाला था। वह उनसे मिलने रायबरेली आ रहा था। पिंकी, ऊंचाहार NTPC परिसर में पंजाब नेशनल बैंक में सफाईकर्मी है और फिलहाल अपने मायके में रह रही थीं।

Related Articles

Back to top button