कार्यक्रम बदलकर उन्नाव रेप पीड़िता के घर पहुंची प्रियंका गांधी, दिया अपना मोबाइल नंबर

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में सड़क पर जिंदा जलाए जाने के बाद गैंगरेप पीड़िता की दिल्ली के सफदरगंज में इलाज के दौरान मौत हो गई है। उसके पार्थिव शरीर को उन्नाव लाया जा रहा है। इस बीच लखनऊ के दो दिन के दौरे पर आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अचानक अपना कार्यक्रम बदल दिया है। वह सीधे पीड़ित परिवार से मिलने उन्नाव पहुंच गईं। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रमोद तिवारी, अन्नू टंडन आदि भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान प्रियंका ने परिवार को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई लड़ेगी। जानकारी के अनुसार मुलाकात में प्रियंका ने पीड़ित परिवार को खुद अपना मोबाइल नंबर दिया है, जिससे वह उनसे सीधे संपर्क कर सकें।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका मीडिया से बोलीं कि पूरी तरह से परिवार को प्रताड़ित किया है। 9 साल की बच्ची को स्कूल जाने से धमकाया गया। इसी साल जून में परिवार की खेती जला दी गई। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैंने सुना है कि प्रधान भाजपा से जुड़े हुए हैं। हो सकता है कि उनकी रक्षा की जा रही है। क्योंकि पहले भी ऐसा होता  रहा है। प्रियंका ने कहा कि लेकिन इस मामले में राजनीतिक मामला न बनाते हुए हम प्रशासन, शासन से कहना चाहते हैं कि देखें इस तरह की घटनाएं  रोज-रोज क्यों हो रही हैं? आरोपी पीड़ित परिवार को घ्रर में घुसकर मारते-पीटते हैं। बच्चों को स्कूल जाने से धमकाते हैं। ऐसा क्यों होता है?

मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी ने परिवार के सदस्य का हाथ पकड़ा और बात करने के लिए उनके साथ घर के अंदर चली गईं।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में रोज महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, सरकार क्या कर रही है? प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा है, “उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार को तत्काल पीड़िता को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? जिस अधिकारी ने उसका FIR दर्ज करने से मना किया उस पर क्या कार्रवाई हुई? उप्र में रोज रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसको रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है?”

Related Articles

Back to top button