अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस पर बोला हमला

मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए आज कहा कि वह आगामी निकाय चुनाव में हार के डर से ईवीएम का बहाना बना रही है।  शर्मा ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जब कांग्रेस चुनाव जीतती है और सरकार बनती है, तो ईवीएम अच्छी हो जाती है। लेकिन जब हारने लगते हैं, तो बहाना तलाशने और अपने-आपको चर्चा में बनाए रखने के लिए कांग्रेस के लोग ईवीएम की बुराई करने लगते हैं।
शर्मा ने कहा कि गुजरात नगरनिगम चुनाव में हमने सारे नगरनिगम तो जीते ही हैं साथ ही 84 प्रतिशत सीटें भारतीय जनता पार्टी ने जीती हैं, जो एक रिकॉर्ड है। गुजरात में पिछले नगरनिकाय चुनाव में कांग्रेस 30 प्रतिशत सीटें जीतकर आई थी, लेकिन इस बार वह 10 प्रतिशत पर पहुंच गयी है। श्री शर्मा ने कहा कि वे गुजरात के कार्यकर्ताओं को उनकी अथक मेहनत के लिए बहुत-बहुत बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात का यह चुनाव बूथ की मजबूती के आधार पर ही जीता गया है।
उन्होंने कहा कि आज रीवा में भी नगरीय निकाय क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन हुआ, जिसमें ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के मंत्र को जमीन पर उतारने के लिए और बूथ को सशक्त बनाने पर चर्चा की गई। मंडल अध्यक्षों से भी चर्चा हुई, क्योंकि मंडल अध्यक्ष हमारी वो इकाई है, जो संगठन के साथ मिलकर सभी चीजों को जमीन पर उतारने का काम करती है।  शर्मा ने कहा कि चुनाव संचालन समिति की बैठक में यह तय किया गया है कि नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी का जो घोषणा पत्र होगा, वह भाजपा का नहीं बल्कि जनता की सोच से, जनमत से तैयार होगा। जनता से फीडबैक लेंगे, रीवा के प्रबुद्धजन विकास के लिए क्या चाहते हैं, इसका समावेश पार्टी के घोषणा पत्र में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जनता की राय पर ही आधारित होगा।

Related Articles

Back to top button