पुलिस ने गांधी नगर गोलीबारी कांड में 15 को किया गिरफ्तार

जम्मू  जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने जम्मू के
पॉश इलाके गांधी नगर में 20 दिन पहले हुए गोलीबारी कांड का मसला सुलझा लिया है और इस संबंध में देश भर में छापा मारकर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कोहली ने आज यहां पत्रकारों को यह जानकारी दी। श्री कोहली ने कहा कि आरोपियों से 10 पिस्तौलें भी बरामद की गई हैं।

उन्होंने कहा कि शहर के जानेमाने व्यापारी नागर सिंह के घर हुई अंधाधुंध गोलीबारी के मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

गांधी नगर थाना प्रभारी भरत शर्मा की अगुवाई में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (सिटी साउथ) पुरुषोत्तम कुमार मेंगी और पुलिस अधीक्षक ( सिटी साउथ जम्मू )दीपक डिगरा की अगुवाई में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

 कोहली ने कहा,” घटना के तुरंत बाद विशेष टीमें गठित की गयीं और कई लोगों लक्षित किया गया।”
उन्होंने बताया कि मामले में शुरू में चार लोगों के नाम सामने आए थे, लेकिन चारों लापता थे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस की मदद से दोनों राज्यों में छापे मारे गए लेकिन वे पहुंच से बाहर रहे। बाद में एक अन्य सूचना पर, हैदराबाद में हैदराबाद पुलिस की मदद से छापेमारी की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा,” अब तक की जाँच के दौरान, हमने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।”

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जम्मू पुलिस ने 20 दिनों के अंदर इस गोलीबारी के मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की। पुलिस ने पेशेवर तरीके से जम्मू जिले, जम्मू और कश्मीर के अन्य जिलों तथा पूरे देश में कई स्थानों पर छापे मारे।

Related Articles

Back to top button