Breaking: पटना में ऑटो के उड़े परखच्चे, 9 महिलाओं समेत 10 की मौत, एक गलती और सब खत्म!

पटना/नालंदा। बिहार की राजधानी पटना से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार सुबह शाहजहांपुर के दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में 9 महिलाएं और ऑटो चालक शामिल हैं। सभी महिलाएं गंगा स्नान के लिए जा रही थीं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा, खून से लाल हुई सड़क

यह हादसा सुबह करीब 6 बजे सिगरियावा स्टेशन के पास सीमेंट फैक्ट्री के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मारी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो से खून रिसकर सड़क पर फैल गया और शव सड़क किनारे बिखर गए। कई परिजन अपने प्रियजनों की लाशों से लिपटकर रोते-पीटते नजर आए।

मौके पर 7 की मौत, अस्पताल में तोड़ा दम 3 ने

दनियावां थाना अध्यक्ष के अनुसार, 7 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को PMCH ले जाया गया। इलाज के दौरान 3 और लोगों की मौत हो गई। घायलों की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

मरने वाले नालंदा जिले के हिलसा इलाके के निवासी

सभी मृतक और घायल नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव के रहने वाले थे। मृतक महिलाएं तीज पर्व को लेकर गंगा स्नान करने ऑटो से फतुहा के त्रिवेणी जा रही थीं। हादसे में मारी गईं महिलाओं के नाम इस प्रकार हैं—

  • गंगा देवी (50)

  • संजू देवी (60)

  • दीपिका पासवान (35)

  • कुसुम देवी (48)

  • कंचन पांडे

  • बबीता देवी

  • रेणु देवी

  • उदेशा देवी

  • काजल कुमारी

  • ऑटो चालक चंदन कुमार (30)

हादसे के पीछे सीमेंट फैक्ट्री के ट्रक पर शक

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे में शामिल ट्रक पास की सीमेंट फैक्ट्री का था। हादसे के बाद ट्रक सीधे फैक्ट्री परिसर में चला गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और फैक्ट्री संचालक को मौके पर बुलाने की मांग की।

विधायक ने फैक्ट्री पर लगाया आरोप

हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी ने कहा कि जिस ट्रक से हादसा हुआ है वह फैक्ट्री का है। विधायक ने मांग की कि फैक्ट्री पर जुर्माना लगाया जाए और उस राशि को पीड़ित परिवारों को दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि फैक्ट्री के कारण सड़क पर होटल और अव्यवस्थित ट्रैफिक बढ़ा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

प्रशासन ने दिए मुआवजे की घोषणा

हिलसा SDM अमित कुमार पटेल मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपये का चेक सौंपा। वहीं प्रशासन ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गुस्से में ग्रामीण, वीडियो बनाने पर रोक

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और मीडिया या किसी भी व्यक्ति को वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी। लोग फैक्ट्री और ट्रक मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button