सनसनीखेज: बॉयफ्रेंड ने लड़की को 65 फुट की ऊंचाई से फेंका, मौत.. CCTV में वारदात कैद, फिर भी बनी ‘मर्डर मिस्ट्री’!

पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 30 सितंबर की शाम 4:12 बजे एक युवक खून से लथपथ लड़की को IGIMS अस्पताल लेकर पहुंचा और इमरजेंसी गेट के पास छोड़कर फरार हो गया।
लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, और चार दिन बीतने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। अब इस पूरे मामले ने हत्या की नई परतें खोल दी हैं।

IGIMS के CCTV में दिखा हत्यारा – स्ट्रेचर पर लड़की, फिर फरार युवक

IGIMS के CCTV फुटेज में स्पष्ट दिखा कि एक युवक ऑटो ड्राइवर की मदद से लड़की की बॉडी स्ट्रेचर पर रखकर लाया और कुछ ही मिनटों में वह अस्पताल से गायब हो गया।
यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन चार दिन बाद भी न तो लड़की की पहचान हो पाई, न ही युवक की।
लड़की की डेड बॉडी IGIMS के मॉर्च्युरी में रखी हुई है, जहां अब तक कोई परिजन नहीं पहुंचा है।

दानापुर के अपार्टमेंट से 65 फीट नीचे फेंकी गई थी लड़की

पड़ताल में यह बड़ा खुलासा हुआ कि लड़की को उसके बॉयफ्रेंड ने दानापुर के आरके पुरम स्थित सोहो निर्मला अपार्टमेंट के तीसरे माले से धक्का दिया था।
करीब 65 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने पर लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने पास के एक ऑटो ड्राइवर की मदद से लड़की को IGIMS तक पहुंचाया और वहां छोड़कर फरार हो गया।

स्कूल के CCTV में पूरी वारदात कैद

अपार्टमेंट के कैमरे सिर्फ पार्किंग तक सीमित थे। लेकिन पास के प्राइवेट स्कूल के दो कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई थी।
वीडियो में आरोपी युवक फ्लैट की बालकनी से लड़की को नीचे फेंकते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
इन्हीं फुटेज के आधार पर पटना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पास का अस्पताल छोड़ 7 KM दूर IGIMS क्यों ले गया आरोपी?

CCTV फुटेज से पता चला कि आरोपी युवक पहले अपनी बुलेट बाइक पार्किंग से निकालता है, फिर मेन रोड पर जाकर एक ऑटो लाता है और लड़की को उसमें रखकर IGIMS ले जाता है।
घटनास्थल से IGIMS की दूरी करीब 7 किलोमीटर है, जबकि आसपास कई निजी अस्पताल मौजूद हैं।
यह सवाल अब पुलिस जांच का मुख्य बिंदु बन गया है कि आरोपी ने लड़की को पास के अस्पताल में क्यों नहीं ले जाया?

9 सितंबर को किराए पर लिया था फ्लैट, खुद को पति-पत्नी बताया

फ्लैट नंबर 306 के मालिक अखिलानंद सिंह ने बताया कि उन्होंने यह 2BHK फ्लैट 8,000 रुपये महीने के किराए पर दिया था।
9 सितंबर को रेंट एग्रीमेंट हुआ था जिसमें फ्लैट को पटना के केसरी नगर निवासी विमल सिंह के बेटे अमित कुमार के नाम पर लिया गया दिखाया गया।
किराए पर लेते समय दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया था।

फर्जी निकला आरोपी का आधार कार्ड, लड़की का मोबाइल गायब

दानापुर थाने की पुलिस ने जब रेंट एग्रीमेंट में दर्ज आधार नंबर (306165424968) की जांच की तो वह फर्जी निकला।
फ्लैट की तलाशी में लड़की के कपड़े और सामान बिखरे मिले, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला।
लड़की का मोबाइल भी गायब है, जिसे आरोपी के पास होने की आशंका है।

FIR दर्ज, हत्या के एंगल से जांच जारी

IGIMS के टॉप पुलिस आउट पोस्ट की रिपोर्ट के आधार पर पहले केस दर्ज हुआ, जो बाद में दानापुर थाने में ट्रांसफर किया गया।
थानेदार प्रशांत कुमार भारद्वाज ने पुष्टि की है कि यह मामला हत्या का है और कई टीमों को पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
FSL टीम ने भी फॉरेंसिक जांच पूरी कर ली है।

अभी भी अधूरी है कहानी — कौन थी वह लड़की?

चार दिन बाद भी पुलिस के पास न लड़की की पहचान है, न उसके परिजन का कोई सुराग।
पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स में शेयर की है ताकि कोई व्यक्ति उसकी पहचान बता सके।
दानापुर पुलिस ने कहा है — “हमारे पास कुछ अहम लीड हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी और लड़की की पहचान दोनों स्पष्ट हो जाएंगी।”

Related Articles

Back to top button