स्कूल में बच्चे को तालिबानी सजा! पहले कई थप्पड़ मरे, फिर उल्टा लटकाया.. वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल!

हरियाणा के पानीपत से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट की गई और उसे खिड़की से उल्टा लटका दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिवार को मामले की जानकारी मिली। शिकायत दर्ज होने पर पुलिस ने कैब ड्राइवर सहित स्कूल प्रशासन के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
वीडियो वायरल होने के बाद खुला राज
अगस्त में हुई इस घटना का वीडियो हाल ही में वायरल हुआ। इसमें साफ दिखाई देता है कि बच्चे को पैरों से पकड़कर खिड़की से उल्टा लटकाया गया और पहले उसकी पिटाई की गई। वीडियो बनाने वाले ने इसे दूसरों को भी दिखाया। वीडियो सामने आने के बाद परिवार और पुलिस हरकत में आई।
पीड़ित परिवार का आरोप
बच्चे की मां ने बताया कि उनका बेटा सृजन पब्लिक स्कूल, विराट नगर में पढ़ता है और आरोपी कैब ड्राइवर अजय ने यह अमानवीय हरकत की। पीड़ित की मां के अनुसार, बच्चे को यह कहते हुए प्रताड़ित किया गया कि उसने होमवर्क पूरा नहीं किया।
स्कूल प्रशासन पर भी सवाल
घटना के बाद जब परिवार ने स्कूल प्रशासन से सवाल किया, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। वहीं, एक और वीडियो सामने आया है जिसमें स्कूल की प्रधानाचार्या बच्चों को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। इससे स्कूल के अनुशासन और प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मॉडल टाउन थाने की पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी कैब ड्राइवर अजय के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आगे की जांच की जा रही है और स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ की जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह घटना न केवल शिक्षा संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि इस बात को भी उजागर करती है कि बच्चों के साथ शारीरिक दंड और प्रताड़ना जैसी घटनाएं अब भी कई जगह हो रही हैं। बाल अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जा सकें।



