पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी का फिर एक बड़बोला बयान, भारत के चंद्रयान पर टिप्पणी कर भद्द पिटवाई

पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय संगठनों से कहा कि वे भारत के अंतरिक्ष अभियान को संज्ञान में लें, जिसे उन्होंने “गैर-जिम्मेदाराना” करार दिया। फवाद चौधरी को बड़बोलेपन के लिए जाना जाता है और माना जाता है कि वह पीएम इमरान खान के खास हैं।

फवाद चौधरी ने ट्वीट किया, “भारत अंतरिक्ष मलबे का एक बड़ा स्रोत बनता जा रहा है, भारत का गैर जिम्मेदार अंतरिक्ष मिशन पूरे पारिस्थितिक तंत्र के लिए खतरनाक है, अंतरराष्ट्रीय संगठनों को इस पर गंभीरता के साथ ध्यान देने की जरूरत है।”

उनका ट्वीट नासा द्वारा ये बताने के कुछ घंटों बाद आया कि चंद्रमा की परिक्रमा करने वाले उसके अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का मलबा मिला है। करीब तीन महीने पहले भारत ने चंद्रमा की सतह पर इस लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग की कोशिश की थी।

इससे पहले अपने विवादित बयानों के चलते पहचाने जाने वाले इमरान कैबिनेट के एक और मंत्री शेख राशिद ने भी ऐसा ही दावा किया था। पाकिस्तानी सरकार जब करतारपुर कॉरिडोर के लिए इमरान खान को श्रेय देने में जुटी थी तब पाकिस्तानी रेल मंत्री शेख राशिद ने इससे उलट दावा किया था।

बता दें कि शेख राशिद भी पाकिस्तान में अपने बड़बोले और ऊलजुलूल बयानों के चलते पहले से ही चर्चित रहे हैं। रिपोर्टर्स से उन्होंने कहा था, ‘इस कॉरिडोर को खोलना आर्मी प्रमुख जनरल बाजवा के दिमाग की उपज थी और इससे भारत को हमेशा चोट मिलती रहेगी।’

Related Articles

Back to top button