पोरबंदर के पास नाव पर पाकिस्तान ने की 4 राउंड फायरिंग

अहमदाबाद, 24 सितम्बर (हि.स.)। पाकिस्तान जमीनी सीमा पर अपने कारनामों से बाज नहीं आ रहा है। अब उसने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पर भारतीय जलक्षेत्र में एक नाव पर 4 राउंड फायरिंग की है। इस गोलीबारी में एक मछुआरा घायल हो गया, जबकि 3 अन्य गोलियां पानी में चली गईं। पाकिस्तानी नावों से की गई इस गोलीबारी से भारतीय मछुआरों में भय व्याप्त है।

पोरबंदर के चार भारतीय मछुआरे अपनी नाव के साथ अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा की तरफ गए थे। वे सभी भारतीय जलक्षेत्र में ही मछली पकड़ रहे थे लेकिन पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों ने समुद्री सीमा के पास एक एक नाव पर 4 राउंड फायरिंग की। इस दौरान नाव का टंडेल धीरूभाई बंभानिया घायल हो गया। एक गोली टंडेल के हाथ में लगी है जबकि 3 गोलियां पानी में जा गिरीं। वर्तमान में यह नाव वापस पोरबंदर तक पहुंच गई है लेकिन नाव पर सवार मछुआरों के बीच भय का माहौल है।

बोट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मनीषभाई लोधारी ने बताया कि भारतीय सीमा में एक नाव पर बुधवार रात एक पाकिस्तानी एजेंसी ने गोलीबारी की थी। पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने यह गोलीबारी उस समय की जब पोरबंदर में मछुआरे मछली पकड़ रहे थे। नाव पर पाकिस्तानी कर्मियों द्वारा की गई गोलीबारी में एक नाविक घायल हो गया है।

Related Articles

Back to top button