हमारी सरकार ने राम मंदिर भी बनवाया और पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को भी मार गिरायाः योगी आदित्यनाथ

पटना। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने पाकिस्तान में घर में घुसकर आतंकियों को भी मारा और भगवान राम का मंदिर भी बनवा दिया। मैं भगवान राम की जन्मभूमि से आया हूं। बिहार और उत्तर प्रदेश का संबंध बहुत पुराना और गहरा है। त्रेता युग में रामगढ़ को महर्षि विश्वामित्र ने अपनी तपस्थली के लिए चुना था। अयोध्या से भगवान राम का संदेश लेकर नवरात्रि में आया हूं। रामगढ़ की भूमि विश्वामित्र की तपोभूमि से जुड़ी है। हमारी सरकार ने जैसा कहा, वैसा किया। राम मंदिर बनाने का काम शुरू है। भव्‍य श्रीराम मंदिर बनवाएंगे। अब कोई नहीं कहेगा कि भाजपा ने जैसा कहा, वैसा नहीं किया। इसलिए एनडीए की फिर सरकार बनाएं।

योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कैमूर जिले रामगढ़ और अरवल में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं बिहार में जनता के काम के लिए नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए रामगढ़ से भाजपा के शानदार प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह के समर्थन में आपसे अपील करने आया हूं। उन्होंने कहा कि हम एक भारत-श्रेष्ठ भारत की बात करते हैं। केंद्र सरकार ने धर्म या नाम नहीं, बल्कि हर किसी को गैस कनेक्शन, घर, शौचालय की सुविधाओं का फायदा दिया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोरोना से देश को बचाया गया। कोरोना काल में सही वक्त पर सही फैसले लिये गए। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों की सेवा में अपने पूरे शासन को लगाया। उनकी सुविधाओं का ख्याल रखा है और बिहार की सीमा तक भिजवाया। कोरोना संकट के बीच केंद्र और राज्य सरकार ने मुफ्त में राशन दिया, अगर राजद सरकार होती तो ऐसा ना हो पाता। हम लोग विकास की बात करते हैं और वो लोग सिर्फ परिवार और जाति की बात करते हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ सोने पर सुहागा है।

भाजपा ने बिना भेदभाव गरीबों के लिए काम किया

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का लाभ बिहार को भी मिल रहा है। भाजपा ने बिना भेदभाव गरीबों के लिए काम किया। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के मंत्र के साथ चल रही है लेकिन ये काम कांग्रेस और राजद की सरकार नहीं कर सकती थी। हमलोग विकास की बात करते है और वे लोग जाति की बात करते हैं। हम देश की बात करते हैं, वो परिवार की बात करते हैं। हम लोग सबका साथ-सबका विकास की बात करते हैं तो वे लोग देश के संसाधनों पर एक विशेष समुदाय के अधिकार की बात करते हैं।

जनता को अपराध और आतंकवाद की तरफ धकेलने वाली सरकार नहीं चाहिए

सीएम योगी ने कहा, “राजद की सरकार में गरीबों के राशन को लूटा गया। साथ ही गाय और भैंस का चारा भी खाया गया। लालू के राज में डीएम की हत्या कर दी गई। लालू के चहेते शहाबुद्दीन पुलिस अधिकारियों पर गोली चलाते थे। लोग शाम छह बजे के बाद घरों से नहीं निकलते थे। बिहार की स्थिति पहले ऐसे हो गई थी कि यहां का युवा बाहर जाकर अपनी पहचान छिपाने पर मजबूर था लेकिन नीतीश जी के नेतृत्व में स्थिति बदल चुकी है। विकास से बाधित जनता को अपराध और आतंकवाद की तरफ धकेलने वाली सरकार नहीं चाहिए।”

विपक्ष ने हमेशा विघटनकारी सोच से काम किया

यूपी के सीएम ने कहा कि विपक्ष ने हमेशा विघटनकारी सोच से काम किया है जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना से आगे बढ़ते रहे। उन्होंने आतंकवाद पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्‍तान में घुसकर आतंकवादियों को मार गिराएंगे। नेहरू जी कहते थे कि अनुच्छेद 370 घिस-घिस कर खत्म हो जाएगा। कांग्रेस घिस गई, लेकिन 370 को प्रधानमंत्री मोदी ने खत्म किया।

Related Articles

Back to top button