इस वजह से युवराज को बाहर किया मुंबई इंडियंस ने

आईपीएल की सबसे कामयाब टीम मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2020 की नीलामी से पहले 10 क्रिकेटर्स को बाहर कर दिया | इनमें युवराज सिंह का नाम भी शामिल है | मुंबई ने युवराज के अलावा, एविन लुईस, एडम मिल्‍ने, जेसन बेहरनडॉर्फ, बरिंदर सरां, बेन कटिंग, पंकज जायसवाल, रसिख सलाम दार, अल्‍जारी जोसफ और ब्‍यूरोन हेंड्रिक्‍स को टीम से निकाल दिया है | युवराज सिंह को 4 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने पिछले साल नीलामी में एक करोड़ रुपये के बेस प्राइस में खरीदा था | लेकिन उनका प्रदर्शन उम्‍मीदों के अनुसार नहीं रहा था | बाद में उन्‍होंने अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्‍यास का ऐलान भी कर दिया था |

एविन लुईस वेस्‍टइंडीज के बल्‍लेबाज हैं लेकिन पिछले सीजन में उनका बल्‍ला खामोश रहा था | ऐसे में उन पर गाज गिरना तय था | वहीं जेसन बेहरनडॉर्फ चोट से जूझ रहे हैं तो एडम मिल्‍ने कुछ खास प्रभावित नहीं कर पाए थे | बरिंदर सरां और ऑस्‍ट्रेलिया के बेन कटिंग का प्रदर्शन भी फीका रहा था | इनसे पहले टीम ने सिद्धेश लाड को कोलकाता नाइटराइडर्स से ट्रेड कर लिया था | सिद्धेश लाड ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन दिखाया था लेकिन वह आईपीएल में उस रंग में नहीं दिखे | अपने पहले आईपीएल के पहले मैच में वह केवल 15 रन बनाकर आउट हो गए थे |

जम्‍मू कश्‍मीर के रसिख दार उम्र में फर्जीवाड़े के चलते बैन झेल रहे हैं तो वो अभी खेल नहीं पाएंगे | आईपीएल इतिहास का बेहतरीन गेंदबाजी स्‍पैल करने वाले वेस्‍टइंडीज के अल्‍जारी जोसफ चोट के चलते पिछली बार पूरा सीजन नहीं खेल पाए थे | उन्‍होंने आईपीएल 2019 में 12 रन देकर 6 विकेट लिए थे | टीम ने उन्‍हें भी रिलीज कर दिया | जोसफ की जगह आने वाले दक्षिण अफ्रीका के ब्‍यूरॉन हेंड्रिक्‍स भी टीम मैनेजमेंट को अपनी स्किल्‍स से प्रभावित कर पाने में नाकाम रहे |

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स से कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को ट्रेड किया है | वहीं मुंबई के धवल कुलकर्णी भी राजस्थान रॉयल्स से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए हैं | दिल्ली कैपिटल्स के विंडीज ऑलराउंडर शरफेन रदरफोर्ड भी मुंबई की जर्सी में दिखेंगे |

Related Articles

Back to top button