मंत्री के बिगड़े बोल -‘आग लगा दूंगा

पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वालों को मुकेश सहनी की धमकी- सन ऑफ मल्लाह हूं, पर्दे के पीछे से जो काम कर रहे, उनको परिणाम भुगतने होंगे

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी के तेवर बुधवार को तल्ख दिखे। विधानसभा के बाहर उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि किसी के पास हैसियत है तो मेरी पार्टी को सामने से आकर तोड़कर दिखाए। उन्होंने धमकी भरे अंदाज में कहा- ‘कुछ लोग पर्दे के पीछे से काम कर रहे हैं। उन्हें यही कहूंगा कि सामने आकर काम कीजिए नहीं तो पर्दे में आग लगा दूंगा। क्योंकि मैं ‘सन ऑफ मल्लाह’ हूं।’

हालांकि, सहनी ने पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वालों में किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने सिर्फ इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग हमारी पार्टी को तोड़ने की कोशिश में हैं। दुनिया का कोई व्यक्ति उनकी पार्टी को नहीं तोड़ सकता है। पशुपालन मंत्री ने कहा कि VIP में पूरी तरह से स्वतंत्रता है। हर सदस्य अपनी बात रखता है। यहां विधायकों को पूरी आजादी है। वे कहीं नहीं जाने वाले हैं। हम लोग मजबूती से बंधे हुए हैं। कुछ लोग हमारी पार्टी को तोड़ना चाहेंगे, गुमराह करना चाहेंगे। लेकिन, वो कभी सफल नहीं होंगे।

NDA की बैठक का बहिष्कार कर दिया था

फूलन देवी की मूर्ति प्रकरण के बाद मुकेश सहनी नाराज चल रहे हैं। यही वजह है कि मंत्री सहनी ने सोमवार को NDA की बैठक का बहिष्कार कर दिया था। CM नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई बैठक में उनको छोड़कर बाकी सभी सहयोगी पार्टियों के नेता मौजूद रहे थे। सहनी विधानसभा के पीछे की गेट से बाहर निकल गए थे।

क्या बोले थे VIP के राष्ट्रीय अध्यक्ष

बैठक का बहिष्कार करने के बाद मंत्री सहनी ने कहा था कि – “प्रधानमंत्री की सोच है सबका साथ, सबका विकास, लेकिन वह यूपी में नहीं दिखा। योगी जी ने गलत किया। इस वजह से NDA की बैठक का बहिष्कार कर रहा हूं। NDA में हैं तो सबकी बात सुननी चाहिए। हम सरकार के साथ हैं। सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही है’। इसके बाद सोमवार की शाम प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला था। साथ ही NDA पर अटैक किया था। उन्होंने कहा था कि यहां सिर्फ दो ही दलों की बात सुनी जाती है, JDU और BJP। हम और VIP की चर्चा ही नहीं होती। सबकी बात होनी चाहिए। यहां तो अधिकारी मंत्रियों की सुनते ही नहीं हैं।

NDA की बैठक के बहिष्कार से पहले नहीं ली थी विधायकों की राय

NDA की बैठक से बाहर होने के बाद उनके विधायक राजू कुमार सिंह और मिश्रीलाल यादव ने इस पर कड़ा एतराज जताया था। यादव ने कहा- ‘NDA की बैठक का बहिष्कार का फैसला गलत था। अपने विधायकों की राय लिए बगैर मुकेश सहनी ने यह फैसला ले लिया। ऐसा नहीं होना चाहिये था।’

राजू कुमार सिंह ने कहा था कि अगर उन्हें NDA में घुटन हो रही है, तो मुझे पार्टी (वीआईपी) में। जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मुकेश सहनी प्रकरण पर पूछे जाने पर कहा- ‘यह कोई वैसी नाराजगी नहीं है कि जो बहुत सीरियस होकर की कोई बात की जाए। यह NDA के अंदर का मामला है। मैंने इस बारे में उनसे बात नहीं की है, सो बहुत जानकारी नहीं है। जो बातें सामने आई है, वह बहुत स्पष्ट नहीं हैं।’

Related Articles

Back to top button