खट्टर कैबिनेट में 10 मंत्री शामिल, ओपी चौटाला के भाई ने भी ली शपथ

हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी (BJP-JJP) की मिलीजुली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार किया गया है | गुरुवार दोपहर चंडीगढ़ स्थित हरियाणा राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई | इस दौरान छह विधायकों ने कैबिनेट मंत्री जबकि चार ने राज्यमंत्री (MoS) के रुप में शपथ ली | वहीं नए मंत्रियों को दी जाने वाली 10 गाड़ियां भी राजभवन पहुंच चुकी हैं |

मंत्री के रूप में सबसे पहले बीजेपी विधायक अनिल विज ने शपथ ली | अनिल विज के बाद जगाधरी से बीजेपी विधायक कंवर पाल गुर्जर ने शपथ ली | कंवर पाल जगाधरी से तीन बार विधायक रह चुके हैं | वर्ष 2014 में वो हरियाणा विधानसभा के स्पीकर थे | बल्लभगढ़ से बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली | रानिया से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली | रणजीत सिंह जेल में बंद ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं | भिवानी के लोहारू से बीजेपी विधायक जेपी दलाल ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली |

जिन विधायकों ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली उनमे सबसे पहला नाम ओमप्रकाश यादव का है, वो नारनौल से बीजेपी विधायक हैं | ओमप्रकाश लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं | वो राव इंद्रजीत सिंह के करीबी माने जाते हैं और पहली बार मंत्री बने हैं | वहीं कलायत से बीजेपी की महिला विधायक कमलेश ढांडा ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली | उकलाना से जेजेपी विधायक ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ ली |

पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने राज्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली | संदीप सिंह पिहोवा से बीजेपी के विधायक हैं | संदीप ने पंजाबी में राज्यमंत्री पद की शपथ ली | उन्हें छोड़ बाकी सभी मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली | बता दें कि संदीप सिंह ने पहली बार चुनाव लड़ा और इसमें वो विजयी रही | बीजेपी ने इस बार तीन खिलाड़ियों को मैदान में उतारा था जिनमें सिर्फ संदीप सिंह ही जीत दर्ज कर पाए थे |

माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा देर शाम को हो सकता है | जिसमें सबसे ज्यादा मारामारी होम, राजस्व, टाउन कंट्री, कृषि, सिंचाई, ट्रांसपोर्ट, आबकारी एवं कराधान, उद्योग और वित्त विभाग को लेकर है | इन महकमों पर सभी की नजर है | किसके हिस्से में क्या आएगा यह तस्वीर भी जल्द साफ हो जाएगी |

Related Articles

Back to top button