बड़ी खबर: असली पुलिस की फर्जी रेड! हाई प्रोफाइल व्यापारी किडनैप, AAP नेता और ASI-सिपाही की 10 करोड़ की डिमांड

पंजाब के लुधियाना में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। असली पुलिसकर्मियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को DIG, SP और DSP बताकर नोएडा के कॉल सेंटर पर फर्जी रेड डाली। इसके बाद तीन कारोबारियों को अगवा कर पंजाब ले जाया गया और उनसे करोड़ों रुपए की मांग की गई। मामला उजागर होने पर पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

कैसे रची गई पूरी साजिश?

मामले में शामिल ASI कुलदीप सिंह ने खुद को SP, हेड कॉन्स्टेबल बलविंदर सिंह ने DSP और एक प्राइवेट व्यक्ति ने DIG बनकर नोएडा के कॉल सेंटर पर धावा बोला। उनके साथ नेता गगनदीप सिंह उर्फ एप्पल समेत कई लोग मौजूद थे। आरोपियों ने गुजरात और अहमदाबाद के तीन कारोबारियों को जबरन उठाकर पंजाब लाकर ढाबे में बंधक बना दिया।

10 करोड़ की डिमांड और फिर सौदेबाजी

कारोबारी तरुण अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पहले 10 करोड़ रुपए मांगे। जब परिवार ने इनकार किया तो फर्जी DIG बनकर आया आरोपी 5 करोड़ में समझौते की बात करने लगा। इसके बाद परिवार से व्हाट्सएप कॉल पर 2 करोड़ रुपए की मांग की गई।

लूटे मोबाइल, डॉलर और गिफ्ट कार्ड

तरुण के मुताबिक आरोपियों ने उनके मोबाइल और लैपटॉप छीन लिए। फिर USDT (क्रिप्टोकरेंसी) और करीब 1 लाख रुपए के गिफ्ट कार्ड जबरन ट्रांसफर कराए। साथ ही महंगे मोबाइल फोन और घड़ी भी ले ली गई। पैसे न देने पर आरोपियों ने कारोबारी को धमकाया और थप्पड़ भी मारे।

पुलिस जांच में सच सामने आया

खन्ना थाना पुलिस के SI नरपिंदर पाल सिंह ने बताया कि जब कारोबारी ने बयान दर्ज कराए तो सख्ती से पूछताछ में हेड कॉन्स्टेबल और ASI ने अपनी गलती कबूल की। इसके बाद बलविंदर सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में HC बलविंदर सिंह, ASI कुलदीप सिंह, गगनदीप सिंह उर्फ एप्पल, करनदीप सिंह, मनी और एक अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज किया है।

AAP विधायक ने आरोपों से किया इंकार

मामले में एक आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ एप्पल का नाम आम आदमी पार्टी की विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना के करीबी के रूप में सामने आया। हालांकि विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि गगनदीप से उनका कोई व्यक्तिगत या राजनीतिक संबंध नहीं है। वह कभी-कभार एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह उनके दफ्तर आता-जाता था। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार उनसे संपर्क करे, वे खुद इंसाफ दिलवाने के लिए खड़ी होंगी।

पुलिस ने दर्ज की FIR

पुलिस ने इस पूरे मामले में BNS की धारा 319, 140, 3(5), 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

Related Articles

Back to top button