मिलिए 17 वीं लोकसभा के 11 सुपरस्टार्स से, मिलते ही जीत लेतें हैं दिल!

नरेंद्र मोदी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में फिर वापसी कर चुकी है। इस बार की मोदी लहर में कई पार्टियों का जहां सफाया हो गया तो कई दिग्गज नेताओं को भी हार का सामना करना पड़ा | लेकिन इस बार लोकसभा में कई नए चेहरे भी पहुंचे हैं, जिनकी पहचान आम नेताओं से काफी अलग है | कोई गुमनामी से सीधे संसद तक पहुंचा है तो कोई अलग-अलग क्षेत्रों में सुर्खियां बटोरने के बाद | इन खास सांसदों पर देश की निगाह अगले 5 साल तक रहेगी |

1. सनी देओल

अभिनेता सनी देओल ने चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में एंट्री की और पंजाब के गुरदासपुर से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं | सनी देओल ने कांग्रेस के दमदार नेता सुनील जाखड़ को हराकर सियासत में जोरदार एंट्री की है, अगले 5 साल पूरे देश की नजर उनपर होगी |

2. तेजस्वी सूर्या

बीजेपी की ओर से सबसे युवा सांसद चुनकर आए तेजस्वी सूर्या की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है | तेजस्वी सूर्या बेंगलुरू दक्षिण सीट से चुनाव जीतकर आए हैं ,28 साल के तेजस्वी सूर्या पेशे से वकील हैं और हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं | सूर्या मूल रूप से कर्नाटक के चिकमंगलूर जिले के रहने वाले हैं और बासावानगुडी विधानसभा से विधायक एल. ए. रविसुब्रमण्यन के भतीजे हैं |

3. गौतम गंभीर

क्रिकेट के मैदान में विरोधियों के छक्के छुड़ाने वाले गौतम गंभीर का राजनीति की पिच पर आगाज शानदार रहा। अक्खड़ स्वभाव के गौतम गंभीर ने बीजेपी के टिकट पर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीता | 2011 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में अपनी ठोस पारी से भारत को विश्व विजेता बनाने वाले गंभीर की सियासी पारी पर अब सबकी नजर है |

4. स्मृति ईरानी

इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत अमेठी में स्मृति ईरानी की मानी जा रही है | स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उन्हीं के मजबूत गढ़ अमेठी में शिकस्त दी | 2014 में भी स्मृति ईरानी अमेठी से उतरी थीं लेकिन तब जीत उनके हिस्से नहीं आई थी | 2019 में दूसरी कोशिश में इस बार वे राहुल गांधी का किला ढाहने में कामयाब रहीं। अमेठी से जीतने के बाद स्मृति ईरानी ने ट्वीट किया- ‘कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं हो सकता’.

5. मिमी चक्रवर्ती

बंगाल की जादवपुर सीट से चुनाव जीतकर बंगाली फिल्मों की खूबसूरत अभिनेत्री मीमी चक्रवर्ती लोकसभा पहुंची हैं। वे ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी से सांसद चुनी गई हैं | मिमी चक्रवर्ती की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है | उन्हें सबसे खूबसूरत सांसद बताया जा रहा है | इस साल भी उनकी दो फिल्में रिलीज को तैयार हैं |

6. राम्या हरिदास

2019 चुनाव में जीतकर लोकसभा पहुंचीं केरल की एकमात्र महिला सांसद राम्या हरिदास की भी खूब चर्चा हो रही है | 33 साल की राम्या माक्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के गढ़ अलथुरा से चुनाव जीतने में कामयाब रहीं | एक मजदूर की बेटी राम्या हरिदास को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के लिए चुना था | राम्या हरिदास गांधी टैलेंट हंट की टॉपर थी | यह टैलेंट हंट 2010 में भविष्य के नेता चुनने के लिए आयोजित किया गया था | सांसद बनने से पहले राम्या हरिदास कोझिकोड म्युनसिपाल्टी की प्रमुख थीं | राम्या एक अच्छी सिंगर भी हैं | उन्होंने गाना गाकर चुनाव प्रचार किया | हालांकि उनके विरोधियों ने गाना गाकर प्रचार करने के लिए उनका मजाक भी उड़ाया | लेकिन अब राम्या देश के लिए कानून बनाने वाली लोकसभा की सदस्य हैं | उनके काम पर अगले 5 साल तक देश की नजर रहेगी |

7. रवि किशन

भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से नवनिर्वाचित सांसद हैं | उपचुनाव में जिस गोरखपुर सीट से बीजेपी हार गई थी वहां से रवि किशन ने 3 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की |

8. हंसराज हंस

बीजेपी के टिकट पर उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से चुनाव जीतने वाले सूफी गायक हंसराज हंस की सियासत पर सबकी नजर रहेगी | हंसराज हंस पंजाब की सियासत में सक्रिय रहे हैं| वे शिरोमणी अकाली दल और कांग्रेस में भी रह चुके हैं लेकिन इस बार बीजेपी के टिकट पर दिल्ली से चुनाव लड़कर उन्हें लोकसभा में एंट्री मिली है |

9. लॉकेट चटर्जी

मोदी की सुनामी में इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 18 सीटों पर जीत का परचम लहराया है | हुगली लोकसभा सीट से बंगाली अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी भी जीतकर संसद पहुंची हैं | बंगाली एक्ट्रेस लॉकेट चटर्जी ने भारत नाट्यम, कथकली और मणिपुरी में भी ट्रेनिंग ली हुई है | लॉकेट चटर्जी एक्ट्रेस के तौर पर काफी पॉपुलर हैं | वे बंगाल में बीजेपी की महिला विंग की अक्ष्यक्ष भी हैं | चुनाव प्रचार के दौरान उनकी फिल्मी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी | वोटिंग के दौरान उनकी कार पर हमला भी हुआ था | जिसका आरोप उन्होंने टीएमसी पर लगाया था | लोकसभा में उनपर लोगों की खास नजर रहेगी | बंगाल में टीएमसी के नेताओं के साथ बीजेपी की तल्खी क्या संसद में भी दिखेगी | इसपर देश की नजर रहेगी |

10. संघमित्रा मौर्य

यूपी के बदायूं से नवनिर्वाचित सांसद संघमित्रा उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी हैं | इस चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को हराया | संघमित्रा पेशे से डॉक्टर हैं और पीएम मोदी के जीवन संघर्ष पर एक किताब भी लिख चुकी हैं |

11. चंद्राणी मुर्मू

इंजीनियरिंग ग्रेजुएट चंद्राणी मुर्मू देश की सबसे युवा सांसद चुनी गई हैं | 25 साल 11 महीने की चंद्राणी ने ओडिशा के आदिवासी बहुल क्योंझर सीट पर दो बार सांसद रहे भाजपा प्रत्याशी अनंत नायक को 66 हजार वोटों से हरा दिया |

Related Articles

Back to top button