लालू प्रसाद यादव की तबीयत दोबारा बिगड़ी, AIIMS के इमरजेंसी वार्ड में फिर एडमिट

एम्स के इमरजेंसी वार्ड में जांच पड़ताल के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था

एम्स दिल्ली में भर्ती लिए जाने से इनकार के बाद रांची लौटने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे लालू प्रसाद यादव की तबीयत फिर बिगड़ गई है। उन्हें दोबारा एम्स अस्पताल ले जाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। इससे पहले मंगलवार को रांची से दिल्ली लाए गए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को एम्स के इमरजेंसी वार्ड में जांच पड़ताल के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था।

बता दे कि लालू प्रसाद यादव कल रात एम्स की इमरजेंसी पहुंचे थे। वहां कुछ घंटे उन्हें निगरानी में रखा गया था और जांच की गई थी। इसके बाद रात को ही इमरजेंसी से उन्हें छुट्टी दे दी गई। चारा घोटाला केस में दोषी पाए जाने के बाद सजा काट रहे लालू को आज सुबह रांची ले जाया जा रहा था।

 लालू यादव का दोबारा बिगड़ी तबीयत

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू प्रसाद (73) को किडनी में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगलवार की शाम लगभग 6 बजे विशेष विमान से दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) लाया गया, जहां उन्हें रात 9 बजे भर्ती किया गया था। रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के मेडिकल बोर्ड की बैठक में मंगलवार को लालू प्रसाद यादव को दिल्ली भेजने पर फैसला किया गया था।

आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया

एक सूत्र ने कहा, ”प्रसाद को रातभर आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था। उन्हें तड़के करीब तीन बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।” चारा घोटाले के तहत डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये के गबन के मामले में दोषी करार दिए गए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख 73 वर्षीय लालू प्रसाद यादव को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने 21 फरवरी को पांच वर्ष की कैद तथा 60 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जेल में बंद राजनेता, गुर्दे की समस्याओं सहित कई बीमारियों से पीड़ित हैं।

Related Articles

Back to top button