आतंकियों को घर मे पनाह देता था कश्मीर पुलिस का डीएसपी देवेंद्र सिंह !

बीते शुक्रवार को आतंकियों के साथ रंगे हाथों पकडे गए जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी देवेंद्र सिंह को लेकर रोज़ाना खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि देवेंद्र सिंह पिछले काफी समय से आतंकियों के साथ मिला हुआ था। वह आतंकियों को भारत में घुसपैठ कराने के लिए बड़ी रकम लेता था। इसके साथ ही पता चला है कि जम्मू तक पहुँचाने के बाद देवेंद्र उन आतंकवादियों को अपने घर में पनाह देता था।

कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विजय कुमार के अनुसार, देवेंद्र सिंह आतंकियों को भारत में घुसपैठ कर जम्मू तक लाने के लिए 12 लाख रुपये लेता था। वह अपने जम्मू के घर, और पुलवामा जिले के त्राल में मौजूद अपने पैतृक घर में आतंकियों को छिपा कर रखता था। इस काम के लिए उसे मोटी रकम मिलती थी। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सिंह ने तीन आतंकियों को बादामी बाग छावनी इलाके में स्थित अपने आवास में शरण दी थी। उसका यह आवास सेना की 16वीं कोर के मुख्यालय के निकट स्थित है।

कौन है गद्दार पुलिस अधिकारी देवेंद्र सिंह ?

जम्मू पुलिस का डीएसपी देवेंद्र सिंह मूलरूप से पुलवामा जिले के त्राल का रहने वाला है। वह जम्मू-कश्मीर पुलिस में सब इंस्पेक्टर के रूप में भर्ती हुआ था। इसके बाद उसकी तैनाती स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में हुई। SOG में कुछ महीने कार्यरत रहने के बाद उसका तबादला ट्रैफिक पुलिस में कर दिया गया था। साल 2003 में देवेंद्र सिंह को कोसोवो गए शांति रक्षक दल का हिस्सा बनाया गया। वहां से लौटने के बाद उसे आतंकवाद निरोधी दस्ते में शामिल किया गया था।

आतंकवाद निरोधी दस्ते में शामिल होने के बाद देवेंद्र सिंह को आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कई बार पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रोमशन मिलते मिलते वह जल्दी ही जम्मू कश्मीर पुलिस का डीएसपी बन गया। पुलवामा आतंकी हमले के समय देवेंद्र ही वहां का डीएसपी था। इसके बाद देवेंद्र की तैनाती श्रीनगर एयरपोर्ट सुरक्षा इंचार्ज के तौर हुई। हाल ही में उसे प्रमोशन मिलने वाला था जिसेक बाद वह जम्मू कश्मीर पुलिस अधीक्षक बन जाता। पिछले कुछ दिनों से वह कुछ दिनों की छुट्टी पर था। इस दौरान शुक्रवार को गद्दार देवेंद्र आतंकियों के साथ पकड़ा गया।

Related Articles

Back to top button