जेपी नड्डा शांति कुंज पहुंचे, किया ‘आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार’ अभियान का शुभारंभ

हरिद्वार: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा  उत्तराखंड दौरे के प्रथम दिन शुक्रवार शाम  शांतिकुंज पहुंचे।  भाजपा नेता नड्डा ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय स्थित प्रगेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। हरिद्वार महाकुंभ 2021 के सापेक्ष गायत्री परिवार के ‘आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार’ महाअभियान का शुभारंभ किया। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के मृत्युंजय सभागार में उनका अभिनंदन किया गया।
कुलाधिपति डॉ. प्रणव पण्ड्या ने भाजपा नेता जेपी नड्डा  का स्वागत पवित्र गायत्री मंत्र लिखित चादर ओढ़ाकर किया। डॉ. पण्ड्या ने उन्हें युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के साहित्य प्रसाद को भी भेंट किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जगत प्रकाश नड्डा ने गायत्री परिवार के महाअभियान ‘आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार’ का शुभारंभ किया। यह महाअभियान कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए शुरू किया है, ताकि जनमानस कुंभ का पुण्य अपने घरों में ही प्राप्त कर सके। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के  प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या  ने महाअभियान की परिकल्पना से अवगत कराया। डॉ. प्रणव पण्ड्या  ने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा  के उज्ज्वल भविष्य एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा  गायत्री परिवार के सदस्य हैं। लंबे समय से गायत्री परिवार से जुड़े हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि शांति कुंज पहुंचने से वह आनंदित हैं। यहां से उनका पुराना नाता है। उन्होंने यहीं दीक्षा ली।  नड्डा  ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वह पहली बार 120 दिवसीय  भारत यात्रा पर निकले हैं। इसकी शुरुआत शांतिकुंज की पावन भूमि से हो रही है। अपने छात्र राजनीति के अनुभव साझा करते हुए नड्डा ने कहा कि उनकी बुआ गायत्री परिवार से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। बुआ के घर में शांतिकुंज की पत्रिका अखंड ज्योति को पढ़ने का शुभ अवसर प्राप्त होता था। इस मौके पर गायत्री परिवार ने भाजपा नेता नड्डा को स्मृति चिह्न भेंट किए।
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शांतिकुंज स्थित अखंड दीपक के दर्शन किए। इसे 1926 में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के संस्थापक वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने प्रज्ज्वलित किया था। 2026 में अखंड दीपक का शताब्दी वर्ष है। जगत प्रकाश नड्डा ने  आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की समाधि सजल श्रद्धा एवं प्रखर प्रज्ञा पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

Related Articles

Back to top button