Janmashtami 2022 in Mathura: कृष्ण जन्माष्टमी पर हजारों की संख्या में उमड़ी भक्तों की भीड़, प्रमुख मंदिरों के आस-पास की बढ़ाई गई सुरक्षा

News Nasha

Janmashtami 2022 Puja: देशभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है। वहीं इस त्योहार को देखते हुए मथुरा के प्रमुख मंदिरों के आस-पास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। मथुरा के एसएसपी नगर मार्तंड प्रकाश सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि त्योहार को देखते हुए  बृजभूमि के प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हर साल की तरह इस बार भी जन्माष्टमी पर हजारों की संख्या में भक्त यहां पूजा-अर्चना के लिए आए हैं।

मथुरा के SSP ने कहा, “मथुरा में कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां की जा रही हैं। पीएसी, अर्धसैनिक बल, आरएएफ, एटीएस कमांडो और सिविल पुलिस सहित पर्याप्त बल तैनात है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। शहर के कोर एरिया को नो व्हीकल/नो पार्किंग एरिया घोषित किया गया है।” उन्होंने कहा कि मोबाइल और नकदी चोरी, चेन की छिनैती और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रमुख मंदिरों में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।

मंत्री ने किया शोभा यात्रा का उद्घाटन:

वहीं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कृष्ण से जुड़ी प्रस्तुतियां देने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा का गुरुवार को उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन उप्र बृज तीर्थ विकास परिषद और पर्यटन विभाग द्वारा मिलकर किया गया था। नगर के प्रमुख चौराहों को पट्टियों और रंग-बिरंगी लाइट से सजाया गया है।

श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मस्थान में मध्य रात्रि अभिषेक के लिए आने वाले प्रत्येक आगंतुक को धार्मिक अनुष्ठान के बाद प्रसाद दिया जाएगा। वृंदावन के राधा रमण, राधा दामोदर और टेढ़े खंबेवाला मंदिरों में तैयारियां जोरों पर हैं, क्योंकि इन प्राचीन मंदिरों में जन्माष्टमी शुक्रवार को रात के बजाय दिन में मनाया जाएगा। शुक्रवार की मध्य रात्रि के बाद कृष्ण के गोकुल आगमन का पर्व मनाने के लिए गोकुल में भी तैयारियां जोरों पर हैं। गोकुल के लोग जन्माष्टमी के अगले दिन कृष्ण के आगमन की खुशी में दहीखाना त्यौहार मनाते हैं, जिसमें दही और हल्दी के मिश्रण का भोग लगाया जाता है।

Related Articles

Back to top button