बड़वानी में महिला क्लर्क की मृत्यु की जांच आरम्भ

बड़वानी ,  मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक महिला की मौत के मामले में जांच प्रारंभ कर दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनीता सिंगारे ने बताया कि क्लर्क के पद पर पदस्थ रजनी सेन (57) की बीती रात आकस्मिक मृत्यु हो जाने के चलते घटना की जांच कराई जा रही है।

पुलिस को मामले की सूचना देकर आज शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के उपरांत मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले से कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा को भी अवगत करा दिया गया है।


उन्होंने बताया कि रजनी को कोविड-19 का पहला टीका लगाने के बाद कोई रिएक्शन या समस्या नहीं हुई थी और कल उन्हें बूस्टर डोज प्रदान किया गया था। उन्हें जिस वायल से बूस्टर डोज प्रदान किया गया था उसी से 9 अन्य लोगों को टीका लगाया गया था।

उन्होंने कहा कि 9 अन्य लोग सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं। अस्पताल में कल 100 लोगों को बूस्टर डोज लगाया गया था उन्हें किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है। अभी तक जिले में जितना भी कोविड-19 वैक्सीनेशन हुआ है उनमें से किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़े- अलीगढ़ : शादी कार्ड देने के बहाने से घुसे बदमाशों ने महिला को बन्धक बनाकर की लूटपाट


उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने टीके को लेकर फिलहाल किसी भी प्रकार के कोई आरोप नहीं लगाए हैं। उन्होंने बताया कि बूस्टर डोज लगने के बाद वे स्वस्थ थी। उन्होंने एक धार्मिक आयोजन के सिलसिले में हिस्सा भी लिया था।


उन्होंने बताया कि तबीयत खराब होने के बाद रजनी को जिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उससे उपचार संबंधी कागजात मंगाए जा रहे हैं।


जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ बी एस सैत्या ने बताया रजनी को कल कोविड-19 का बूस्टर डोज प्रदान किया गया था। रात में तबीयत खराब होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक तौर पर उनकी मृत्यु का कारण ब्रेन हेमरेज होना बताया गया है।

Related Articles

Back to top button