मस्कट के पास तेल टैंकर पर हमला, भारतीय नाविक की मौत
भारतीय नाविक की मौत से देश में शोक ओमान की खाड़ी में ड्रोन बोट से हमला होर्मुज जलडमरूमध्य बंद, समुद्री तनाव चरम पर

ईरान-इजरायल जंग के बीच ओमान की खाड़ी से दुखद खबर सामने आई है। ओमान की राजधानी मस्कट के तट से दूर एक तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जिस जहाज को निशाना बनाया गया, उसकी पहचान MKD VYOM के रूप में हुई है। मृत चालक दल का सदस्य भारत का नागरिक था। न्यूज एजेंसी Associated Press (एपी) की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर बम से लैस ड्रोन बोट से हमला किया गया। इस हमले में भारतीय नाविक की जान चली गई। ओमानी अधिकारियों ने भी इस हमले की आधिकारिक पुष्टि की है।
जंग के पहले दिन ही बंद किया गया होर्मुज जलडमरूमध्य
गौरतलब है कि युद्ध की शुरुआत के पहले ही दिन ईरान ने Strait of Hormuz (होर्मुज जलडमरूमध्य) को बंद करने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद से इस समुद्री रास्ते पर कई देशों के जहाज फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि ईरान फारस की खाड़ी के इस संकरे मुहाने के पास आने वाले जहाजों को लगातार चेतावनी दे रहा है और कई हमलों की आशंका भी जताई जा रही है।
बड़े हवाई हमलों के बाद भड़की जंग
मध्य पूर्व में जारी यह संघर्ष उस समय और तेज हो गया जब इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका ने इस्लामी गणराज्य ईरान को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इसके बाद से पूरे क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।
‘स्काईलाइट’ टैंकर भी बना था निशाना
इससे पहले रविवार को भी एक अन्य तेल टैंकर ‘स्काईलाइट’ पर हमला हुआ था। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) के अनुसार, इस जहाज पर पलाऊ का झंडा लगा था और इसे मुसैंडम प्रायद्वीप से करीब 5 समुद्री मील दूर निशाना बनाया गया। हमले के वक्त जहाज पर 20 लोग सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे। ईरान-इजरायल जंग के बीच समुद्री रास्तों पर बढ़ते हमले वैश्विक तेल सप्लाई और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।



