किसान हितेषी है पंजाब सरकार तो लागू करे एमएसपी : मनोहर लाल

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंजाब सरकार द्वारा केंद्रीय कृषि कानून के विरोध में विधेयक पारित किए जाने पर चुटकी लेते हुए कहा है कि अमरिंदर सिंह पंजाब की जनता को गुमराह करना बंद करें। कृषि कानूनों के विरोध में प्रस्ताव पारित करने की बजाए पंजाब के किसानों को मक्का, चना व बाजरा पर एमएसपी दें।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंजाब सरकार अपने राज्य के लोगों और किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर अमरिंदर सरकार सही मायने में किसान हितेषी है तो किसानों को उन सभी फसलों का एमएसपी दे जिन फसलों पर केंद्र द्वारा एमएसपी नहीं दिया जा रहा है।
एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि बरौदा में जातिवाद का जहर घोलने वालों को मुंह की खानी पड़ेगी। बरोदा के लोग यह समझ गए हैं कि उन्हें केवल विकास चाहिए। बरोदा विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के विधायकों की अनदेखी के कारण पिछड़ा हुआ है। कांग्रेस के विधायकों ने अपने हितों के चलते कभी भी बरोदा की समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार माह के दौरान भाजपा ने बरोदा में करोड़ों की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस बार बरोदा के लोगों ने अपना विकास करवाने का मन बना लिया है। बरोदा में भाजपा प्रत्याशी भारी मतों के साथ जीतेगा।

Related Articles

Back to top button