भारत को औपचारिक तौर पर मिला पहला राफेल, राजनाथ ने बताया आंधी

विजयादशमी के दिन भारत ने दुनिया के सबसे मारक लड़ाकू जेट विमान राफेल (Rafale) को औपचारिक तौर पर हासिल कर लिया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने फ्रांस (France) में एक गरिमापूर्ण समारोह में इस बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित राफेल विमान को प्राप्त किया। इस दौरान दुनिया भर की निगाहों के बीच पूजा के बाद राजनाथ सिंह ने राफेल में उड़ान भी भरी।

रक्षामंत्री ने राफेल विमान का विधि विधान पूर्वक शस्त्र पूजन कर भारतीय वायुसेना की सामरिक ताकत में हो रहे इस इजाफे का शंखनाद किया। राफेल में लगभग आधे घंटे की उड़ान भर कर राजनाथ सिंह ने भारत के बढ़ते सैन्य पराक्रम का भी संदेश दिया। राफेल हासिल करने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना की गर्जना ही तेज नहीं होगी बल्कि इसे बेहद मजबूती मिलेगी। रक्षामंत्री ने कहा कि राफेल मिलने के साथ ही भारत-फ्रांस के रणनीतिक और सामरिक रिश्ते के नये दौर की शुरूआत हो गई है।

फ्रांस के मेरीनेक एयरबेस पर राफेल बनाने वाली कंपनी दॅासौ और फ्रांसीसी सैन्य मंत्री की मौजूदगी में हुए समारोह में राजनाथ सिंह को राफेल सौंपने की औपचारिकता पूरी की गई। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने राफेल को ‘आंधी’ बताते हुए कहा कि ये अपने नाम के हिसाब से हमारी वायुसेना को मजबूत करेगा। फ्रेंच भाषा में राफेल का अर्थ आंधी होता है और सिंह ने इसका भी जिक्र किया।

Related Articles

Back to top button