झारखण्ड: हेमंत सोरेन समेत तीन मंत्रिपद के लिए शपथ ग्रहण

झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन को बहुमत मिलने के बाद हेमंत सोरेन ने झारखण्ड के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के समक्ष मुख्यमंत्री पद के साथ तीन मंत्रिपद के लिए भी शपथ ली गई। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और आरजेडी विधायक सत्यानंद भोक्ता ने मंत्रिपद के लिए शपथ ली है।

जानकारी के अनुसार, इस शपथ ग्रहण समारोह के बाद महागठबंधन सदन में बहुमत साबित करेगा। इसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जायेगा। सूचना के अनुसार, 14 जनवरी को खरमास ख़त्म होने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। झारखण्ड सरकार के मंत्रिमंडल में झामुमो के 6, कांग्रेस के 4 और आरजेडी के इकलौते विधायक को मंत्रीपद दिया जा सकता है। साथ ही स्पीकर पद कांग्रेस को दिया जा सकता है। हालाँकि, स्पीकर पद न मिलने की स्थिति में कांग्रेस के हिस्से में एक और मंत्रिपद आ सकता है।

इनमे से कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और रामेश्वर उरांव शपथ ले चुके हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह का नाम तय माना जा रहा है। वहीं, मंत्रिमंडल में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के गढ़वा के विधायक मिथिलेश ठाकुर, स्टीफन मरांडी, चंपई सोरेन, जोबा मांजी और जगन्नाथ महतो के नाम तय माने जा रहे हैं।

बता दें कि झारखण्ड चुनाव 2019 में झामुमो को 30 सीटों पर जीत हासिल हुई। उनके अलावा 16 सीटों पर कांग्रेस और आरजेडी को एक सीट पर जीत मिली है। कांग्रेस-जेएमएम-आरजेडी के महागठबंधन को 3 सीटों पर जीती झारखण्ड विकास मोर्चा का भी समर्थन मिला है। इसके अलावा एनसीपी और सीपीआई एमएल के विधायकों की तरफ से भी इस गठबंधन को समर्थन मिला है।

Related Articles

Back to top button