Video: BJP MLC के बेटे ने ट्रैफिक पुलिस से कहा – “चल हट, भाग यहां से..”, फिर कांस्टेबल ने निकाल दी हेकड़ी !

हाथरस। यूपी में कानून की रखवाली करने वाली पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि चाहे आप कितने भी बड़े नेता क्यों न हों, कानून से ऊपर कोई नहीं है। हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र में जब भाजपा MLC ऋषिपाल सिंह के बेटे चौधरी तपेश ने सड़क पर अवैध खड़ी अपनी गाड़ी को हटाने से इनकार किया और ट्रैफिक पुलिस को अपशब्द कहे, तो वहां तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल एसपी सिंह ने उन्हें नियम का पाठ पढ़ाकर उनकी हेकड़ी निकल दी।
पुलिस ने हटाने को कहा, विधायक के बेटे ने किया विरोध
मामला सोमवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच का है, जब सासनी कोतवाली क्षेत्र के कोतवाली चौराहे पर एक स्कॉर्पियो (UP 81B 2324) सड़क किनारे बिना अनुमति खड़ी थी। इससे जाम लगने लगा। मौके पर तैनात ट्रैफिक सिपाही एसपी सिंह ने कार हटाने के लिए कहा। इस दौरान कार पर विधायक का नाम लिखा था और भाजपा का झंडा लगा था।
युवक ने ट्रैफिक पुलिस को कहा ‘चल हट, भाग यहां से’
सिपाही के टोके पर चौधरी तपेश भड़क गए और उन्होंने सिपाही से अपशब्द कहे। विवाद बढ़ा और दोनों के बीच तकरार हुई। तपेश ने धमकाते हुए कार हटाने से मना कर दिया। इस बीच सिपाही ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया और युवक को डांट लगाई कि आप सड़क पर जाम लगा रहे हैं और अपने पिता का नाम बदनाम कर रहे हैं।
• चल हट, भाग यहां से…
• तुम्हारी उम्र का लिहाज कर रहा हूं, वरना..
• तुम इंस्पेक्टर हो?– ये शब्द यूपी के BJP विधायक ऋषिपाल सिंह के बेटे के हैं।
सत्ता के नशे में चूर विधायक पुत्र अपने पापा की गाड़ी में बैठकर पुलिसकर्मी को धमका रहा है। ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी ने सिर्फ… pic.twitter.com/oOD6iTVdsr
— Congress (@INCIndia) August 12, 2025
पुलिस ने नियमों के मुताबिक की कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी सुभाष यादव ने बताया कि वाहन चालक से वाहन हटाने को कहा गया था और वाहन हटा भी दिया गया। उन्होंने कहा कि विवाद या कोई गैरकानूनी कार्रवाई नहीं हुई। मामले में अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और युवक से गाड़ी के इंश्योरेंस और अन्य दस्तावेज मांगे गए।
20 मिनट चली बहस के बाद MLC का बेटा ले गया कार
करीब आधे घंटे तक चले विवाद के बाद तपेश अपनी कार लेकर वहां से चला गया। इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई है, जहां कुछ लोग पुलिस की कार्यवाही की सराहना कर रहे हैं, तो कुछ भाजपा विधायक के बेटे के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस ने दिया कड़ा संदेश
ट्रैफिक प्रभारी सुभाष यादव ने कहा कि सड़क पर गाड़ी खड़ी करके यातायात बाधित करना कानून का उल्लंघन है, और किसी भी नेता या उनके रिश्तेदार को इसका अधिकार नहीं है। ऐसे लोगों को कड़ा संदेश दिया जाएगा।



