हरिद्वार : गंगा के अस्तित्व के लिए लड़ाई जारी रहेगी: हेमा

हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को नोटिस भेजे जाने पर जिला अध्यक्ष हेमा भंडारी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह बेनकाब हो गई है। जिस हिंदुत्व के दम पर वह आज तक दावा करते रहे, वो छलावा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि गंगा के अस्तित्व के लिए पार्टी लड़ाई जारी ऱखेगी।
उन्होंने कहा कि 2016 में कांग्रेस की हरीश रावत सरकार ने माँ गंगा के अस्तित्व व मूल स्वरूप में बदलाव करते हुए गंगा को स्क्रेब चैनल घोषित करने वाले अध्यादेश को लागू कर करोड़ों हिन्दुओं की आस्था के साथ कुठारघात किया था। उस समय भाजपा इस अध्यादेश के विरोध में उतरी थी। इतना ही नहीं विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने पर 24 घंटे के भीतर इस अध्यादेश को रद्द करने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए साढ़े तीन वर्ष से अधिक का समय हो चुका है, किन्तु सरकार अभी तक अध्यादेश को वापस नहीं ले पायी। इससे भाजपा की दोहरी मानसिकता उजागर होती है। हेमा भण्डारी ने कहा कि हरिद्वार क्षेत्र से 4 बार के विधायक और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक व 2 बार के हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मां गंगा की अविरलता ओर अस्तित्व को लेकर पूरी तरह मौन हैं।
उन्होंने कहाकि जब आम आदमी कार्यकर्ता, तीर्थ पुरोहित और स्थानीय लोग मां गंगा के सम्मान के लिए उतरे तो भाजपा सरकार मां गंगा के सम्मान को नकारने का काम करने लग गई। इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष को सरकार ने नोटिस भेज दिया। नोटिस इनकी हिन्दू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जो भी माँ गंगा के सम्मान के लिये लड़ेगा उसे परेशान करना भाजपा की हिन्दू विरोधी संकीर्ण विचारधारा को दिखाता है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि मां गंगा के आस्तित्व के लिए लड़ना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहाकि आप की गंगा के लिए लड़ाई जारी रहेगी। अगर जेल भी जाना पड़े तो हम तैयार हैं। मां गंगा के आस्तित्व के लिए आम आदमी पार्टी तब तक लड़ती रहेगी जब तक सरकार इसको नहर के दर्ज से मां गंगा का नाम नहीं दे देते।
प्रेस वार्ता में सेक्टर इंचार्ज नवीन मारिया, पूर्व जिला सचिव अनिल सती, पवन कुमार व संजू नारंग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button