मुंह में खिलौना ठूंसा, थप्पड़, मुक्का, सिर दीवार में मारा, दांत से काटा.. डेढ़ महीने की बच्चे से डे-केयर में हैवानियत !

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित एक डे केयर सेंटर में 15 माह की बच्ची के साथ हुई क्रूरता का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आरोप नाबालिग सहायिका पर है, जिसने बच्ची को बेरहमी से पीटा। घटना की शिकायत मिलने के बाद डे केयर संचालिका और सहायिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


बच्ची को बेरहमी से पीटने का सीसीटीवी फुटेज

सीसीटीवी फुटेज में नाबालिग सहायिका बच्ची के मुंह में खिलौना ठूंसती है, फिर उसे दो बार जमीन पर पटकती है। इसके बाद पीठ पर थप्पड़, सीने पर मुक्का मारना और सिर दीवार से टकराना भी देखा गया। जांघ पर दांत से काटने के निशान भी फुटेज में स्पष्ट हैं। यह वीडियो लगभग 10 मिनट 30 सेकेंड लंबा है, जिसमें बच्ची लगातार चीखती-चिल्लाती दिख रही है।

https://twitter.com/RimjhimJethani1/status/1954755398403059824


मां ने बच्ची की चोटें देख शिकायत दर्ज कराई

बच्ची की मां मोनिका देवी ने बताया कि वे रोजाना अपनी बेटी वेदांशी पटेल को डे केयर सेंटर ब्लिपी में दो घंटे के लिए भेजती हैं। 4 अगस्त को जब वे बच्ची को घर लेकर आईं तो उसने जोर-जोर से रोना शुरू कर दिया। कपड़े बदलते समय वेदांशी की दोनों जांघों पर दांत के निशान देखे गए। डॉक्टर ने भी पुष्टि की कि ये चोटें दांत से काटने की हैं।


संचालिका और सहायिका के खिलाफ मामला दर्ज

सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर डे केयर संचालिका चारु और नाबालिग सहायिका के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। सहायिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच की जा रही है कि क्या डे केयर बिना वैध लाइसेंस संचालित हो रहा था।


डे केयर संचालिका पर लापरवाही के आरोप

जांच अधिकारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि करीब 12 छोटे बच्चों की देखभाल नाबालिग सहायिका को सौंपी गई थी, जो अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाने में असमर्थ थी। संचालिका चारु पर भी बच्चों की देखभाल में लापरवाही बरतने का आरोप है।


सोसाइटी निवासियों का आरोप और शिकायतें

सोसाइटी निवासी शेखर झा ने कहा कि डे केयर एक किराए के फ्लैट में चलाया जा रहा है, जहां हर बच्चे से हर महीने 3500 रुपए लिए जाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सहायिका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और इससे पहले भी इस प्रकार की शिकायतें आई हैं।


पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू की, चाइल्ड वेलफेयर और BSA को लिखा पत्र

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले की जांच के लिए बीएसए और चाइल्ड वेलफेयर संस्था को पत्र लिखा है। इसमें सभी डे केयर सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे लगाना और बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम बनाने का अनुरोध किया गया है। डीसीपी शक्तिमोहन अवस्थी ने कहा कि संचालिका और सहायिका से कड़ी पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button