स्मृति ईरानी पर कांग्रेस सांसदों ने की ऐसी टिप्पणी कि मांगनी पड़ गई माफी!

लोकसभा में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर कांग्रेस सांसदों की टिप्पणी के बाद जमकर हंगामा हुआ | बीजेपी के सांसद सहित बाकी दलों के सांसदों ने भी कांग्रेस सांसदों से माफी की मांग की | दरअसल, स्मृति ईरानी जब लोकसभा में बोल रही थीं, तब ही कांग्रेस के दो सांसद डीन कुरियाकोस और टीएन प्रतापन ने कुछ टिप्पणी कर दी | इस दौरान स्मृति ईरानी और कांग्रेस के दोनों सांसदों के बीच नोकझोंक भी हुई |

कांग्रेस के दोनों सांसद वेल की ओर भी बढ़ने लगे | कांग्रेस सांसदों की इस हरकत के बाद बीजेपी हमलावर हो गई | बीजेपी कांग्रेस से माफी मंगवाने पर अड़ी है |

बीजेपी सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि स्मृति ईरानी जब बोल रही थीं तो कांग्रेस सांसद उनकी (स्मृति ईरानी)ओर बढ़े | वहीं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हम इसकी निंदा करते हैं | उन्हें माफी मांगनी चाहिए |

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस के दोनों सांसदों से माफी की मांग की है | उन्होंने दोनों सांसदों को सस्पेंड करने की भी मांग की | वहीं बीजेपी को बाकी दलों का भी साथ मिला है | उधर, कांग्रेस सांसदों की ओर से अधीर रंजन ने स्मृति ईरानी से माफी मांगी है | हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया |

इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी बीजेपी के साथ है | आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने कहा कि हम संसद में महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार कर रहे हैं ये निंदनीय है | मैं इस घटना की निंदा करता हूं | भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही कार्रवाई की होती जब वे (सांसद) मार्शल के साथ दुव्यवहार किए थे, तब वे शायद आज ऐसा व्यवहार नहीं करते | उन्होंने कहा कि कानून बनाने वाला ही कानून तोड़ेगा तो किसपर भरोसा किया जाए |

इससे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अधीर रंजन पर हमला किया | उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के विषयों को सांप्रदायिक विषय से जोड़ना गलत है | ऐसा दुस्साहस मैंने पहले नहीं देखा | स्मृति ईरानी ने कहा कि बंगाल में पंचायत चुनाव में रेप को सियासी हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया | आज बंगाल के एक सांसद यहां पर मंदिर का नाम ले रहे थे | जिन लोगों ने रेप को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया वो आज भाषण दे रहे हैं |

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक सांसद (अधीर रंजन) ने तेलंगााना और उन्नाव की घटना का नाम लिया लेकिन मालदा भूल गए | कांग्रेस सांसदों के हंगामे के बीच स्मृति ईरानी ने कहा कि उन्नाव और तेलंगाना में जो हुआ वो शर्मनाक है और दोषियों को फांसी मिलनी चाहिए | उन्होंने कहा कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए |

Related Articles

Back to top button