अब विदेशों पर भी साथ रहेगी एसपीजी, राहुल गांधी पर पड़ेगा असर

केंद्रीय गृह मंत्रालय स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) सुरक्षा को लेकर नए बदलाव कर रहा है | जिन्हें भी ये सुरक्षा प्राप्त है अब उनके साथ विदेशी दौरों पर भी SPG के जवान तैनात रहेंगे, यानी कोई भी व्यक्ति जिसे ये सुविधा प्राप्त है उसके साथ जवान भी विदेश का दौरा करेंगे | पहले ऐसा नहीं होता था, लेकिन अब सरकार नियम में बदलाव कर रही है | सरकार के इस फैसले को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और गांधी परिवार के अन्य सदस्यों के दौरों से जोड़ा जा रहा है |

इन सबको मिली है SPG सुरक्षा

बता दें कि SPG सुरक्षा देश में प्रधानमंत्री और पूर्व प्रधानमंत्रियों को दी जाती है | अभी ये सुविधा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गांधी परिवार को मिलती है | इनमें कांग्रेस अध्यक्ष (अंतरिम) सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हैं | पहले ये सुरक्षा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी दी जाती थी, लेकिन हाल ही में उनकी सुरक्षा में सिर्फ Z+ कवर कर दिया गया |

राहुल गाँधी हैं विदेश दौरे पर

बता दें कि महाराष्ट्र चुनाव से पहले राहुल गांधी विदेशी दौरे पर रवाना हो गए हैं, इस बात की चर्चाएं हैं कि वह बैंकॉक गए हैं या फिर कंबोडिया, लेकिन उनकी आधिकारिक लोकेशन की जानकारी नहीं है | भारतीय जनता पार्टी की ओर से कई बार इस पर सवाल उठाए जा चुके हैं कि राहुल गांधी अक्सर ऐसी विदेशी यात्राओं पर जाते हैं, जिसकी देश को जानकारी नहीं होती है | जबकि वह विपक्षी पार्टी के बड़े नेता हैं | इसके पहले भी राहुल गांधी कई बार 50 दिन की छुट्टी या ऐसे दौरों पर गए हुए हैं, जिनपर बीजेपी निशाना साधती रही है |

Related Articles

Back to top button