Govardhan Puja 2020 Annakoot Bhog: गोबर से बनाया गोवर्धन पर्वत, भगवान श्रीकृष्ण को लगाया भोग

इंदौर : प्रदेश में पांच दिवसीय दीप पर्व का चौथा दिन गोवर्धन पूजा के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर घरों, मठ-मंदिर के साथ गोशालाओं में गोवर्धन पूजन किया गया। गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर भगवान कृष्ण पूजन हुआ और कई तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
इंदौर के हंसदास मठ बड़ा गणपति पर रविवार सुबह गोवर्धन पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोवंश का पूजन भी महामंडलेश्वरी रामचरणदास महाराज के सानिध्य में किया गया। पं. पवन शर्मा ने बताया कि मूलत: यह प्रकृति के पूजन का पर्व है। इसकी शरुआत भगवान कृष्ण ने की थी। इसमें गायों को स्नान कराकर उनका तिलक किया जाता है। साथ ही उन्हें फल, चारा आदि खिलाते हैं। गीता भवन में पुजारियों और ट्रस्टियों ने गोर्वधन पूजन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष गोपालदास मित्तल, रामविलास राठी आदि मौजूद थे। एरोड्रम रोड स्थित श्रीविद्याधाम में गोवर्धन पर्वत की झांकी सजाई गई है, जो लोगों को आकर्षित कर रही है। आश्रम से जुड़े पूनमचंद अग्रवाल और पं. दिनेश शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर गोवर्धन एवं गोवंश का पूजन किया गया। लक्षमी नृसिंह मंदिर में भी गोवर्धन पूजन हुआ। पुजारी छोटेलाल शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर भगवान का विशेष शृंगार किया गया।
अहिल्यामाता गौशाला में गोवर्धन पूजा महोत्सव शुरू
श्री अहिल्या माता गौशाला जीवदया मंडल के तत्वावधान में केसरबाग रोड़ स्थित गौशला में दो दिनी गोवर्धन पूजा महोत्सव की शुरुआत हुई। पहले दिन गोभक्तों ने आकर गोवंश और गोवर्धन पर्वत का पूजन किया। गौशाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष रवि सेठी, सचिव पुष्पेंद्र धनोतिया, संयोजक सीके अग्रवाल ने बताया कि यह क्रम सोमवार को भी  सुबह 8 से 11 बजे तक जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button