पूर्व क्रिकेटर राजेश चौहान की राजनीति में एंट्री:प्रोफेशनल कांग्रेस की सदस्यता ली,

शशि थरूर की फोन पर बधाई; वैशालीनगर से लड़ सकते हैं चुनाव

जरिता लैतफलांग ने राजेश चौहान को कांग्रेस में प्रवेश कराया।

भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने दुर्ग के एक निजी होटल में प्रोफेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ली। ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस (AIPC) की ईस्ट जोन की कोऑर्डिनेटर जरिता लैतफलांग ने राजेश चौहान को पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दामाद क्षितिज चंद्राकर भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें विधानसभा चुनाव में मैदान में उतार सकती है।

पिछले कुछ समय से AIPC अपनी सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों को लेकर काफी चर्चा में है। वर्तमान में AIPC की ईस्ट जोन कोऑर्डिनेटर जरिता लैतफलांग 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। इसी बीच AIPC के प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर ने दुर्ग के एक निजी होटल में पार्टी के कुछ पदाधिकारियों को बुलाया था। इस बैठक में जरिता लैतफलांग व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान भी पहुंचे थे। यहीं पर जरिता लैतफलांग ने राजेश चौहान को पार्टी में शामिल कराया। राजेश चौहान के शामिल होने के दौरान AIPC के उपाध्यक्ष प्रत्युश भारद्वाज समेत तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे।

ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस की ईस्ट जोन कोऑर्डिनेटर जरिता लैतफलांग और राजेश चौहान।

सांसद शशि थरूर ने दी फोन पर बधाई
राजेश चौहान के पार्टी में प्रवेश करने के कुछ देर बाद AIPC के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद डॉ. शशि थरूर ने उन्हें फोन कर बधाई दी। उन्होंने बताया कि वह अभी दुबई में हैं। उन्होंने राजेश को दिल्ली आकर मिलने का आमंत्रण भी दिया। इस दौरान शशि थरूर ने राजेश के द्वारा खेले गए मैचों और उससे देश को मिले सम्मान के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने खेल जगत को और आगे तक ले जाने की जिम्मेदारी भी राजेश को सौंपी है।

वैशाली नगर से चुनाव लड़ने की चर्चा
राजेश चौहान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर होने के साथ ही दुर्ग-भिलाई के काफी तजुर्बेकार सियासी जानकार हैं। उनके पार्टी में प्रवेश करने के साथ ही यह कयास लगाए जा रह हैं कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में दुर्ग जिले के वैशाली नगर विधानसभा से कांग्रेस का चेहरा हो सकते हैं। राजेश चौहान इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले छत्तीसगढ़ के इकलौते क्रिकेटर हैं। इसके चलते उनकी यह दावेदारी और अधिक मजबूत मानी जा रही है।

राजेश चौहान का जन्म झारखंड के रांची में हुआ था।

राजेश चौहान कौन हैं?
राजेश चौहान भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी हैं। उन्होंने भारतीय टीम की तरफ से 21 टेस्ट मैच और 35 वनडे खेले हैं। इसके अलावा चौहान ने 99 फर्स्ट क्लास मैच और 99 लिस्ट A के मैच खेले हैं। चौहान का जन्म 19 दिसंबर 1966 में झारखंड के रांची में हुआ था।

क्या है AIPC?
कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी ने पार्टी में बड़ा बदलाव करते हुए पिछले साल AIPC के गठन को मंजूरी दी थी। इसके पीछे कांग्रेस की सोच थी कि AIPC में पढ़े-लिखे, मध्य वर्ग के युवा प्रोफेशनल्स से लेकर बुद्धजीवियों को जोड़ा जाए। इसी उद्देश के तहत राजेश चौहान को इसकी सदस्यता दिलाई गई है। क्योंकि चौहान एक पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी है। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट क्रिकेट और एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलें हैं और छत्तीसगढ़ का एक बड़ा चेहरा भी हैं।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button