नहीं रहे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन शेषन

भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन का रविवार को चेन्नई में निधन हो गया। शेषन ने 1990 के दशक में देश में चुनाव सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह 86 वर्ष के थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी भाषा को बताया कि पूर्व चुनाव आयुक्त का स्वास्थ्य पिछले कुछ वर्ष से ठीक नहीं था। दिल का दौरा पड़ने से रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनका निधन हो गया।

अपनी स्पष्टवादिता के लिए प्रसिद्ध शेषन बढ़ती उम्र के कारण पिछले कुछ वर्ष से सिर्फ अपने आवास पर रह रहते थे। उनका बाहर आना-जाना लगभग ना के बराबर हो गया था।

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी ने ट्वीट किया, ”यह बताते हुए दुख हो रहा है कि टी.एन. शेषन अब हमारे बीच नहीं रहे। वह आदर्श और अपने उत्तराधिकारियों के लिए प्रेरक थे। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

उधर, टीएन शेषण के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए शोक व्यक्त किया है। पीएम ने कहा- “टीएन शेषण बेहतरीन सरकारी सेवक थे। उन्होंने अत्यंत परिश्रम और निष्ठा के साथ भारत की सेवा की। चुनाव सुधार की दिशा में उनके प्रयास ने लोकतंत्र को और मजबूत किया। उनके जाने से पीड़ा पहुंची है। ओम शांति।”

Related Articles

Back to top button