अबूधाबी-मुंबई फ्लाइट में हंगामा करने वाली विदेशी महिला गिरफ्तार

अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने आरोपित को 25 हजार रुपये की जमानत पर किया रिहा

मुंबई, 31 जनवरी

अबूधाबी से मुंबई आ रही फ्लाइट में शराब के नशे में हंगामा मचाने वाली इटली की 45 वर्षीय महिला को सहार पुलिस स्टेशन की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित महिला पाओला पेरुसियो को अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने महिला को 25 हजार रुपये की जमानत पर रिहा करने का आदेश जारी किया। इसके बाद आरोपित विदेशी महिला को रिहा कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपित महिला अबूधाबी से मुंबई के लिए जिस फ्लाइट में आ रही थी, उसी में शराब पीकर हंगामा करने लगी। जब चालक दल के एक अन्य सदस्य ने उसे रोकने की कोशिश की तो महिला ने उसके चेहरे पर थूंक दिया। जब दूसरे सदस्य ने महिला को रोकने की कोशिश की तो महिला ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद फ्लाइट में अन्य महिलाओं ने मिलकर महिला को एक कुर्सी पर बांध दिया । फ्लाइट मुंबई पहुंचने पर इस महिला के विरुद्ध सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button