स्पेस में पहली बार जाएंगे 4 आम लोग; कैसे हुआ इन सभी का सिलेक्शन, अंतरिक्ष में 3 दिन क्या करेंगे ये लोग?

एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स नया इतिहास रचने जा रही है। कंपनी 15 सितंबर को पहले ऑल-सिविलियन क्रू को स्पेस में भेज रही है। इस मिशन को इंस्पिरेशन 4 नाम दिया गया है। मिशन में 4 लोग अंतरिक्ष की यात्रा पर जाएंगे। ये सभी आम लोग है। यानी इनमें से कोई भी एस्ट्रोनॉट नहीं है।

15 सितंबर को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस रिसर्च सेंटर से इस स्पेसक्राफ्ट को लॉन्च किया जाएगा। हालांकि कंपनी ने अभी लॉन्चिंग का टाइम नहीं बताया है, लेकिन कहा है कि अंतिम फैसला मौसम को देखते हुए लिया जाएगा।

समझते हैं, ये मिशन क्या है? क्रू में कौन-कौन शामिल है? उनका सिलेक्शन कैसे किया गया है? पूरा मिशन कितना खास है? और मिशन का उद्देश्य क्या है? …

पहले मिशन के बारे में जान लीजिए

इस मिशन को इंस्पिरेशन 4 मिशन नाम दिया गया है। मिशन की फंडिंग बिलेनियर जेयर्ड इसाकमैन कर रहे हैं। उन्होंने मिशन के लिए खुद के पास से पैसा दिया है और चैरिटी फंडिंग के जरिए भी जुटाया है। मिशन का उद्देश्य अमेरिका के टैनेसी में सेंट जूड चिल्ड्रन रिसर्च हॉस्पिटल के लिए फंडिंग जुटाना है। मिशन को लीड कर रहे इसाकमैन इसके जरिए 200 मिलियन डॉलर की रकम जुटाना चाहते हैं। उन्होंने घोषणा की है कि आधी रकम वो अपने पास से हॉस्पिटल को देंगे।

इस मिशन के जरिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा और कैंसर के प्रति जागरुकता भी बढ़ाई जाएगी। इसी वजह से मिशन के सदस्यों को अलग-अलग ह्यूमन वैल्यू दी गई है। जैसे लीडरशिप, होप, इंस्पिरेशन और प्रॉस्पेरिटी।

मिशन की एक सदस्य सेंट जूड चिल्ड्रन रिसर्च हॉस्पिटल में फिजीशियन असिस्टेंट भी हैं और कैंसर सर्वाइवर हैं। उनका कैंसर का इलाज इसी हॉस्पिटल में हुआ है।

कौन हैं क्रू मेंबर?

जेयर्ड इसाकमैन: मिशन की पूरी कमांड इसाकमैन के हाथों में होगी। 38 वर्षीय इसाकमैन शिफ्ट4पेमेंट नामक पेमेंट कंपनी के फाउंडर और CEO है। 16 साल की उम्र में ही उन्होंने इस कंपनी की शुरुआत की थी और आज वे बिलेनियर हैं। वे प्रोफेशनल पायलट हैं और अपनी पायलट ट्रेनिंग कंपनी के जरिए अमेरिकी एयरफोर्स के पायलट्स को ट्रेनिंग देते हैं।

हेयली आर्केनो: हेयली कैंसर सर्वाइवर हैं। 29 साल की हेयली अंतरिक्ष में जाने वाली सबसे कम उम्र की अमेरिकी नागरिक बनेंगी। उन्हें हड्डियों का कैंसर था और उनका इलाज टेनिसी के सेंट जूड हॉस्पिटल में हुआ था। इस हॉस्पिटल के लिए इसाकमैन फंड भी रेज कर चुके हैं और मिशन के जरिए जो रकम जुटाई जाएगी उसे भी इसी हॉस्पिटल को डोनेट किया जाएगा। मिशन में हेयली को मेडिकल ऑफिसर की जिम्मेदारी मिली है।

शॉन प्रोक्टर: 51 वर्षीय प्रोक्टर एरिजोना के एक कॉलेज में जियोलॉजी की प्रोफेसर हैं। प्रोक्टर के पिता अपोलो मिशन के दौरान नासा के साथ काम कर चुके हैं। वे खुद कई बार नासा के स्पेस प्रोग्राम में पार्टिसिपेट कर चुकी हैं।

क्रिस सेम्ब्रोस्की: 42 साल के क्रिस अमेरिकी एयरफोर्स के पायलट रहे हैं और इराक युद्ध में भी शामिल थे। फिलहाल क्रिस एयरोस्पेस और डिफेंस निर्माता कंपनी लॉकहीड मार्टिन के साथ काम कर रहे हैं।

मिशन की क्या खासियत है?

धरती की कक्षा में जाने वाला ये पहला नॉन प्रोफेशनल एस्ट्रोनॉट्स का क्रू है। इस मिशन के चारों सदस्य इससे पहले कभी अंतरिक्ष में नहीं गए हैं। चारों आम लोग हैं।इससे पहले ब्लू ओरिजिन और वर्जिन स्पेस शिप ने भी प्राइवेट स्पेस टूरिज्म की शुरुआत करते हुए उड़ान भरी थी, लेकिन ये दोनों स्पेसक्राफ्ट एज ऑफ स्पेस तक ही गए थे।दूसरी ओर इसाकमैन का स्पेसक्राफ्ट धरती की ऑर्बिट में चक्कर लगाएगा। दूरी के लिहाज से देखा जाए तो ये पहले के दोनों स्पेसक्राफ्ट से करीब 475 किलोमीटर ज्यादा दूर जाएगा।ब्लू ओरिजिन और वर्जिन स्पेस शिप के मिशन कुछ मिनटों के ही थे। वे लोग स्पेस में गए और कुछ मिनटों बाद दोबारा धरती पर लौट आए, लेकिन ये मिशन तीन दिन का है।इस स्पेसक्राफ्ट में दो ट्रेन्ड पायलट हैं, लेकिन स्पेसक्राफ्ट को ऑपरेट करने में उनका कोई रोल नहीं है। वर्जिन स्पेस शिप को दो पायलट ऑपरेट कर रहे थे।

मिशन मेंबर के सिलेक्शन की कहानी भी रोचक है

जेयर्ड इसाकमैन ही इस पूरे मिशन को फंड कर रहे हैं। उनके अलावा बचे हुए तीन लोगों का सिलेक्शन भी इसाकमैन ने ही अलग-अलग तरीकों से किया है। पूरे मिशन को इंस्पिरेशन 4 नाम दिया गया है और चारों लोगों को अलग-अलग ह्यूमन वैल्यू असाइन की गई है। इसाकमैन ट्रिप में लीडरशिप वैल्यू को रिप्रजेंट कर रहे हैं।इसाकमैन की कंपनी शिफ्ट4 पेमेंट ने एक कॉम्पिटीशन का आयोजन किया था। कॉम्पिटीशन में शामिल लोगों को कहा गया था कि वे एक दुकान खोलें और उसमें शिफ्ट4 पेमेंट के पेमेंट गेटवे से लेनदेन करें। शॉन प्रोक्टर ने MySpace2Inspire.com नाम से वेबसाइट शुरू की और अपने आर्टवर्क को बेचा। वे क्यों स्पेस में जाने के लिए एक परफैक्ट कैंडिडेट है, ये समझाने के लिए उन्होंने एक कविता भी लिखी थी। मिशन में वे Prosperity यानी समृद्धता को रिप्रजेंट कर रही हैं।क्रिस सेम्ब्रोस्की का सिलेक्शन भी रोचक तरीके से हुआ है। सेंट जूड के चिल्ड्रन रिसर्च हॉस्पिटल के लिए इसाकमैन की कंपनी ने फंड रेज किए थे। डोनेट करने वाले सभी लोगों को एक टिकट दिया गया था। ये टिकट किसी को भी इस मिशन का हिस्सा बना सकता था। क्रिस के एक दोस्त ने भी इस कैंपेन में डोनेट किया था। स्पेस में क्रिस का इंटरेस्ट देखते हुए उसने अपना टिकट क्रिस को दे दिया और इस तरह क्रिस का सिलेक्शन हुआ। क्रिस मिशन में Generosity यानी उदारता को रिप्रजेंट कर रहे हैं।ट्रिप के लिए सबसे पहले हेयली आर्केनियोक्स को चुना गया था। हेयली कैंसर सर्वाइवर हैं और उसी हॉस्पिटल में काम करती है जहां कभी उनका कैंसर का इलाज हुआ था। इसाकमैन भी उन्हीं के हॉस्पिटल के लिए डोनेशन कैंपेन चला चुके हैं। कैंसर से जीत और बाकी लोगों को प्रेरित करने के लिए हेयली का सिलेक्शन हुआ है। वे मिशन के दौरान Hope यानी उम्मीद को रिप्रजेंट करेंगी। .ये चारों इस साल मार्च से ही मिशन के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं।

स्पेसक्राफ्ट के बारे में भी जान लीजिए

चारों लोग ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए अंतरिक्ष में जाएंगे। ये स्पेसक्राफ्ट एक साथ 7 लोगों तक को स्पेस में ले जा सकता है। ये ह्यूमन को स्पेस में ले जाने वाला पहला प्राइवेट स्पेसक्राफ्ट भी है। इस स्पेसक्राफ्ट को फॉल्कन-9 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा।

मिशन में कितनी रकम खर्च हो रही है?

इस पूरी ट्रिप का खर्च जेयर्ड इसाकमैन उठा रहे हैं। मिशन की टोटल कॉस्ट का अभी तक कोई खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसाकमैन ने मिशन के लिए स्पेस एक्स को अच्छी खासी रकम दी है। शायद मिशन पूरा होने के बाद इसाकमैन खर्च का ब्यौरा सार्वजनिक करें।

अपने साथ कई चीजे ले जाएंगे चारों टूरिस्ट

ये पूरे मिशन हॉस्पिटल के लिए फंड रेजिंग के लिए किया जा रहा है इसलिए चारों मिशन मेंबर अपने साथ कई चीजें ले जाएंगे। अंतरिक्ष से लौटने के बाद पैसे जुटाने के लिए इन चीजों की नीलामी की जाएगी।

मिशन मेंबर्स जो जैकेट पहन कर जाएंगे उन पर सेंट जूड हॉस्पिटल के मरीजों ने स्पेशल आर्टवर्क किया है। इन्हें भी नीलाम किया जाएगा।एक युकुलेले (4 तारों वाला गिटार) को भी साथ ले जाया जाएगा, जिसे क्रिस सेम्ब्रोस्की स्पेस में बजाएंगे।अपोलो 11 मिशन की 50वीं वर्षगांठ पर बनाया गया एक विशेष पेन भी मिशन मेंबर साथ ले जाएंगे। इस पेन को अपोलो 11 के स्पेसक्राफ्ट मटेरियल से बनाया गया है।एक ऐसे आर्टवर्क को भी साथ ले जाया जा रहा है जो इससे पहले समुद्र की सबसे गहरी खाई में भी ले जाया गया था। ये आर्टवर्क दुनिया का पहला ऐसा आर्टवर्क होगा, जिसे समुद्र की गहराई और स्पेस की ऊंचाई दोनों में ले जाया गया है। इसके अलावा और भी कई चीजें हैं, मिशन के दौरान साथ जाएंगी।

Related Articles

Back to top button