बिहार में महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव की गूंज

पटना,  भगवान शंकर की अराधना का पर्व महाशिवरात्रि बिहार में धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है।

महाशिवरात्रि को भगवान शिव की पूजा करने का सबसे बड़ा दिन माना जाता है। महाशिवरात्रि हिन्दू परंपरा का एक बहुत बड़ा पर्व है। सालभर भक्त इस त्योहार की प्रतीक्षा करते हैं।

कहा जाता है कि इस दिन भगवान शिव का मां पार्वती के साथ विवाह हुआ था। माना जाता है कि शिवरात्रि के दिन भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा करने से कष्टों से भी मुक्ति मिलती है।
श्रद्धालु सुबह से ही भगवान शिव के मंदिरों में उमड़ रहे हैं। माना जाता है कि आज शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, बेर आदि चढ़ाने से भगवान शिव की कृपा मिलती है तथा मनोकामनाएं पूरी होती हैं। बिहार के सभी मंदिर ‘हर-हर महादेव’ उद्घोष से गुंजायमान हैं।
ये भी पढ़े – आजादी का अमृत महोत्सव कल से शुरू करेंगे मोदी

महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में पूजन, जलाभिषेक, रूद्राभिषेक के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। राजधानी पटना में देर रात से ही ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो अभी तक जारी है।

सुबह होते ही श्रद्धालुओं ने नदियों और तालाब में स्नान करने के बाद मंदिरों के बाहर लंबी कतार लगाकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर रहे हैं।शिवालयों में शिव भक्तों की कतार लगी है। पटना में छोटे-बड़े सभी शिवालयों को फूलों से सजाया गया है और आकर्षक ढंग से रोशनी की व्यवस्था की गई है।पटना में खाजपुरा शिव मंदिर में इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button