Dharmendra Death News Live: धर्मेंद्र का मुंबई में अंतिम संस्कार, सनी देओल ने दी मुखाग्नि, अमिताभ-शाहरुख-सलमान रहे मौजूद
बॉलीवुड ने खोया अपना ही-मैन… 89 की उम्र में धर्मेंद्र का हुआ निधन… फिल्म इंडस्ट्री और फैंस में गहरा शोक…

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त, अक्षय कुमार सहित कई दिग्गज सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। कुछ समय से धर्मेंद्र उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 नवंबर को डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर घर पर आराम और इलाज की सलाह दी थी। इस दौरान उनके बेटे सनी देओल, पहली पत्नी प्रकाश कौर और बेटियां उनके साथ थीं।
फिल्म इंडस्ट्री में गहरा शोक
धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड में मातम फैल गया है। अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, सलमान खान, आमिर खान समेत कई सितारों ने नम आंखों से अपनी श्रद्धांजलि दी। सलमान खान धर्मेंद्र को हमेशा अपना ‘तीसरा बेटा’ कहते थे और दोनों का रिश्ता बेहद खास रहा है।
करण जौहर बोले, “एक युग का अंत”
निर्देशक करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “यह एक युग का अंत है… भारतीय सिनेमा का एक असली लेजेंड… सबसे चार्मिंग स्क्रीन प्रेज़ेंस वाले सुपरस्टार… धर्मेंद्र हमेशा इतिहास के पन्नों में अमर रहेंगे।”
300 से ज्यादा फिल्मों के सुपरस्टार
सात दशक लंबे करियर में धर्मेंद्र ने 300 से ज्यादा फिल्मों में शानदार काम किया। ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धरम वीर’ जैसी फिल्मों से उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी अमिट पहचान बनाई। उनके डायलॉग आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं—खासकर शोले का मशहूर डायलॉग: “बसंती, इन कुत्तों के आगे मत नाचना।”
अगले महीने रिलीज होगी उनकी आखिरी फिल्म
89 साल की उम्र में भी धर्मेंद्र एक्टिव थे। हाल ही में वो ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे। अब उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। अफसोस कि रिलीज से पहले ही वो दुनिया को अलविदा कह गए।



