फिर दीपिका निभाएंगी ऐतिहासिक रोल, बनेंगी महाभारत की द्रौपदी

दीवानी मस्तानी और पद्मावत में लोगों के सामने इतिहास के किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका पादुकोण एक बार फिर रानी के किरदार में दिखाई देंगी। आने वाले साल में दीपिका पादुकोण ‘महाभारत’ की द्रौपदी का किरदार निभाएंगी। साथ ही उनकी आने वाली फिल्म ‘छपाक’ के लिए भी लोगों में काफी उत्साह है। बता दें कि पद्मावत के बाद उन्होंने रणवीर सिंह से शादी के लिए कुछ वक्त का ब्रेक लिया था।

दीपिका पादुकोण फिल्म ‘महाभारत’ के प्रोडक्शन में भी मधु मंटेना के साथ हाथ मिलाने जा रही हैं। इस बात की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्विटर पर दी है। उन्होंने बताया कि फिल्म को कई पार्ट्स में बनाया जाएगा और इसका पहला पार्ट 2021 में दिवाली पर रिलीज होगा। बता दें कि इस फिल्म को लेकर दीपिका काफी सकारात्मक दिख रही है। इस फिल्म को लेकर उन्होंने कहा है कि “मैं मानती हूं कि ये एक लाइफटाइम रोल है।” वहीँ मधु मंटेना ने इस फिल्म को लेकर कहा कि “हम सभी ने महाभारत कई बार देखी, सुनी और पढ़ी है। लेकिन जहां तक दीपिका की महाभारत का सवाल है तो ये फिल्म पूरी तरह द्रौपदी के नजरिए से होगी। दीपिका आज सबसे बड़ी एक्ट्रेस ही नहीं है बल्कि वह इस कहानी को सीमाओं से परे ले जा सकती हैं। यदि वह साथ नहीं होती तो हम ये फिल्म नहीं बना पाते।”

लोगों से मिल रहा है रिएक्शन

गौरतलब है कि महाभारत फिल्म के बारे में आधिकारिक घोषणा होते ही फैन्स ने सोशल मीडिया पर अपने रिएक्शन्स देने शुरू कर दिए हैं और वे इसे लेकर काफी उत्साहित हैं। इसको लेकर इस एक यूजर ने निर्देशकों की तुलना करते हुए लिखा, “राजामौली और संजय लीला भंसाली के अलावा मुझे नहीं लगता कि कोई इस पीरियड ड्रामा फिल्म का निर्देशन कर पाएगा। किसी पीरियड ड्रामा फिल्म के लिए बहुत सी रिसर्च लगती है खासकर तब जब आप किसी सच्ची घटना को आज के युग में उतारने की कोशिश करते हो। हम सभी इन दो निर्देशकों का कैलिबर जानते हैं।”

Related Articles

Back to top button