कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को जन्मदिन पर दी बधाई

नयी दिल्ली,  कांग्रेस पार्टी तथा उसके कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के 51वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की कामना की है।

पार्टी ने अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट कर गांधी के स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण लोग भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं जिसे देखते हुए श्री गांधी ने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया। जन्मदिन मनाने की बजाय उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत कार्यों में निरंतर जुटे रहने का आग्रह किया है।

पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा “देश के लिए कठिन दौर के बावजूद आप प्रेम पूर्वक और गंभीरता से हमारा नेतृत्व कर रहे हैं। राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ, खुशहाल और सफल जीवन की कामना।”

पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा ‘‘सच्चा नेता वही होता है जो सच्चाई, ईमानदारी, साहस और समर्पण के साथ चुनौतियों का मुकाबला करता है। राहुल जी को जन्मदिन पर और अधिक ऊर्जा के साथ चुनौतियों से लड़ने शुभकामनाएं।”

Related Articles

Back to top button