बिहार से कश्मीर तक बारिश के आसार, जानें कब पूरी तरह विदा होगा दक्षिण-पश्चिम मानसून

बिहार से लेकर उत्तराखंड समेत देश के कई हिस्सों में अभी बारिश का मौसम है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक फिर से बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि देश भर से दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 अक्तूबर तक विदा हो जाएगा। इससे उत्तर-पूर्वी मानसून के आने का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा।

उत्तर-पश्चिम भारत से देर से विदा होने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब भी देश के कुछ हिस्सों में सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी वर्तमान में कोहिमा, सिलचर, कृष्णानगर, बरीपदा, मलकानगिरी, नलगोंडा, बगलकोट और वेंगुर्ला से होती है। आईएमडी ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों, बंगाल की समूची उत्तरी खाड़ी, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के शेष हिस्सों, मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों, गोवा, कर्नाटक के कुछ हिस्से और मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्से में 23 अक्तूबर के आसपास से दक्षिण-पश्चिम मानसून के और पीछे हटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत पर निचले क्षोभमंडल (पृथ्वी के वायुमंडल का सबसे निचला स्तर) स्तरों में उत्तर-पूर्वी हवाओं के आने की संभावना के साथ, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 अक्तूबर के आसपास पूरे देश से चले जाने की संभावना है। साथ ही उत्तर-पूर्वी मानसून की बारिश की भी लगभग 26 अक्तूबर से दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय भारत में शुरू होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी मानसून तमिलनाडु, केरल के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पुडुचेरी में बारिश लाता है।

बिहार में कहां-कहां बारिश
मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को उत्तर बिहार के सीतामढ़ी समेत सात जिलों मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज व कटिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण व गोपालगंज में एक से दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। उत्तर मध्य हिस्से के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली व शिवहर के अलावा उत्तर पूर्व के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा और कटिहार के एक से दो स्थानों पर बारिश के असार हैं जबकि पटना और दक्षिण पश्चिम के जिलों के अलावा दक्षिण मध्य बिहार में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, 23 अक्टूबर से पूरे बिहार में मौसम शुष्क होने का पुर्वानुमान है।

Related Articles

Back to top button