प्रयागराज में पत्रकार की निर्मम हत्या: 18 वार, पेट से बाहर निकलीं आंतें, 20 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे
प्रयागराज में पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह की नशे के विवाद में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी विशाल ने चाकू से 18 वार किए। राहगीर तमाशा देखते रहे, पुलिस ने घायल पत्रकार को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।

प्रयागराज: प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में गुरुवार रात मीडियाकर्मी लक्ष्मी नारायण सिंह (48) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हर्ष होटल के पास आरोपी विशाल ने उन पर चाकू से 18 वार किए। वार इतने निर्मम थे कि पत्रकार की आंतें तक बाहर आ गईं।
राहगीर बनते रहे तमाशबीन
हमले के बाद एल.एन. सिंह करीब 20 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया। लोग मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाते रहे। आखिरकार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें एसआरएन अस्पताल ले जाया, जहां दो घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया खौफनाक मंजर
आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी विशाल ने मानो जोश या नशे में पागल होकर वारदात की। वह पत्रकार को दौड़ा–दौड़ाकर बार–बार चाकू से गोदता रहा। पूरा फुटपाथ खून से लाल हो गया। लोगों के मुताबिक, आरोपी व्हाइटनर और अन्य नशे का आदी था।
नशे के विवाद से भड़की हिंसा
मूलरूप से बलिया निवासी एल.एन. सिंह धूमनगंज में परिवार के साथ रहते थे और एक निजी चैनल से जुड़े थे। घटना की रात वे सिविल लाइंस में अपने दोस्त के बेटे साहिल को नशे के आरोपी विशाल से छुड़ाने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों में कहासुनी हुई और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा आरोपी
वारदात के कुछ घंटे बाद पुलिस की आरोपी विशाल से नेहरू पार्क के पास मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में उसे चार गोली लगी और अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने पूछताछ में बताया कि उसने चाकू खुल्दाबाद के मछली मंडी से 80 रुपये में खरीदा था। आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।



